लंबे समय से एक खिलाड़ी को उसके शानदार रिकॉर्ड के बावजूद भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर रखा गया है, अब उसकी आईपीएल टीम ने भी साथ छोड़ दिया। लेकिन यही चीज इस खिलाड़ी की किस्मत पलट सकती है और उसको आईपीएल 2025 ऑक्शन में बड़ी रकम हासिल करा सकती है। कौन है ये दिग्गज खिलाड़ी, यहां आपको बताते हैं।
जिसका क्रिकेट फैंस को लंबे समय से इंतजार था वो आईपीएल मेगा ऑक्शन अब बस आ ही गया। इसी हफ्ते के अंत में दो दिवसीय इस बड़ी नीलामी में बड़ी संख्या में दुनिया भर के खिलाड़ी बिकने वाले हैं और सभी टीमें नए सिरे से तैयार होंगी।
इस बार की आईपीएल नीलामी के दौरान भारत और विदेश के कई दिग्गज खिलाड़ी भी बिकने के लिए लाइन में होंगे। इनमें एक खिलाड़ी तो ऐसा है जिसके रिकॉर्ड देखकर ये यकीन करना मुश्किल है कि उसकी टीम ने उसे रिटेन क्यों नहीं किया और भारतीय चयनकर्ताओं ने भी उसे टीम इंडिया से बाहर का रास्ता दिखाया हुआ है।
हम यहां बात कर रहे हैं अनुभवी भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल की, जिनको लंबे समय से भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर रखा गया है और अब उनकी आईपीएल टीम राजस्थान रॉयल्स ने भी उनका साथ छोड़ते हुए उन्हें रिलीज कर दिया है। लेकिन इस बार की नीलामी में चहल बड़ी रकम हासिल कर सकते हैं।
युजवेंद्र चहल के दबदबे के गवाह उनके आंकड़े हैं। चहल आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी वो 96 विकेटों के साथ भारत के सबसे सफल गेंदबाज हैं।
भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल ने आईपीएल में 160 मैच खेलते हुए सबसे ज्यादा 205 विकेट लिए हैं। वो इस टूर्नामेंट के इतिहास में मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और राजस्थान रॉयल्स से खेल चुके हैं। चहल एकमात्र ऐसे बॉलर हैं जिन्होंने आईपीएल में 200 विकेट का आंकड़ा पार किया है। आईपीएल 2023 में राजस्थान ने उनको 6.5 करोड़ की रकम पर रिटेन किया था लेकिन इस बार रिलीज कर दिया।
जब देश में उनकी प्रतिभा को नजरअंदाज किया गया और मौके नहीं मिले तो चहल इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेलने लगे। हाल में उन्होंने काउंटी क्रिकेट में कई बार यादगार प्रदर्शन किया। काउंटी चैंपियनशिप 2024 में चहल ने नॉर्थम्पटनशायर क्लब के लिए सिर्फ चार मैचों में 19 विकेट चटकाते हुए सबका दिल जीत लिया।