वेलिंगटन में खेले जाने वाले इस मुकाबले में टीम इंडिया के प्लेइंग इलेवन में बदलाव तय है क्योंकि ईशान किशन मैच फिट नहीं हो पाए हैं। सीरीज में 2-0 से आगे चल रही है टीम इंडिया के लिए यह मुकाबला जीतना अहम होगा वहीं न्यूजीलैंड के पास सीरीज में बने रहने के लिए यह आखिरी मौका होगा। चलिए जानते हैं कि भारतीय टीम इस मुकाबले में किस प्लेइंग इलेवन के साथ उतर सकती है?
दूसरे टी20 मुकाबले की तरह तीसरे मुकाबले में भी सलामी जोड़ी में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। पिछले दो मैच की तरह इस मुकाबले में भी अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन पारी का आगाज करेंगे। हालांकि, अब तक दोनों एक साथ नहीं चले हैं। इस अहम मुकाबले में कोशिश रहेगी कि दोनों एक साथ भारत को अच्छी शुरुआत दें।
बीसीसीआई ने मैच से 24 घंटे पहले यह ऐलान कर दिया है कि ईशान किशन इस मुकाबले का हिस्सा नहीं रहेंगे। ऐसे में एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी का खेलना तय है। दूसरे मुकाबले में वैभव ने नंबर 3 पर बल्लेबाजी की थी। उम्मीद है कि वह इसे तीसरे मैच में भी जारी रखेंगे।
मिडिल ऑर्डर में कप्तान श्रेयस अय्यर के अलावा तिलक वर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी और नमन धीर रहेंगे। तिलक के साथ नमन और नीतीश की तिकड़ी ने एक उम्मीद जगा दी है कि अब टीम इंडिया को एक अच्छा मैच फिनिशर मिल गया।
प्लेइंग इलेवन में स्पिन गेंदबाजी की कमान ऑलराउंडर अक्षर पटेल ही संभालेंगे। गेंदबाजी के साथ-साथ अक्षर बल्लेबाजी में भी अहम रोल निभा रहे हैं। तीसरे मैच में भी वह इसी को आगे बढ़ाते नजर आएंगे।
तेज गेंदबाजी की बात करें तो मयंक यादव की जगह एक बार फिर प्रिंस यादव प्लेइंग इलेवन में नजर आएंगे। प्रिंस ने दूसरे टी20 मुकाबले में प्रभावी गेंदबाजी की थी और 4 ओवर में केवल 30 रन ही खर्चे थे।
भारत की प्लेइंग इलेवन- अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, वैभव सूर्यवंशी, श्रेयस अय्यर, तिलक वर्मा, नमन धीर, अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, प्रिंस यादव।