मध्यप्रदेश के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अरशद खान ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में एक ऐसी स्पेल डाली जो आज तक किसी गेंदबाज ने नहीं डाली थी। चंडीगढ़ के खिलाफ मैच में उन्होंने टी20 क्रिकेट की अपनी बेस्ट स्पेल डालकर इतिहास रच दिया।
चंडीगढ़ के खिलाफ इस मुकाबले में अरशद ने अपने टी20 करियर का बेस्ट स्पेल डालते हुए 6 विकेट चटकाए। उन्होंने ये विकेट केवल 9 रन देकर लिए और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बेस्ट बॉलिंग स्पेल का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
अरशद ने इस स्पेल के दम पर दो साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया। उन्होंने हैदराबाद के टी रवि तेजा का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने 2023 में छत्तीसगढ़ के खिलाफ 13 रन देकर 6 विकेट चटकाए थे।
अरशद खान ने आईपीएल में अलग-अलग टीमों के साथ अपनी उपयोगित साबित की है, लेकिन उन्हें सबसे ज्यादा फायदा गुजरात टाइटंस के साथ हुआ जहां उन्हें आशीष नेहरा से गेंदबाजी का हुनर सीखने को मिला।
2023 में मुंबई इंडियंस के लिए अपना आईपीएल डेब्यू करने वाले अरशद खान ने 2024 में LSG के लिए खेलते हुए दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अर्धशतकीय पारी खेलकर सुर्खियां बटोरी थी। उन्होंने नंबर 9 पर आकर 33 गेंदों में नाबाद 58 रन बनाए थे।
अरशद के आईपीएल करियर की बात करें तो अब तक उन्होंने 19 मैच में 12 विकेट चटकाए हैं, जबकि बल्ले से 124 रन का योगदान दिया था।
घरेलू क्रिकेट में मध्य प्रदेश से खेलने वाले बाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज अरशद खान निचले क्रम के एक उपयोगी बल्लेबाज भी हैं। 2019-20 सीके नायडू ट्रॉफी में उन्होंने मुंबई के खिलाफ 54 गेंदों में 86 रन बनाए और सबसे ज्यादा 36 विकेट विकेट चटकाए। इसी प्रदर्शन के कारण उन्हें आईपीएल में मौका मिला।