गेंदबाजों की टी20 अंतरराष्ट्रीय वर्ल्ड रैंकिंग में कई देशों के गेंदबाजों के नाम मौजूद हैं, लेकिन इनमें टॉप-10 की चर्चा हमेशा से ज्यादा रही है। इन टी20 रैंकिंग में कितने स्पिनर मौजूद हैं और वो आईपीएल 2025 में किन टीमों से खेलने वाले हैं, यहां जानते हैं।
आईसीसी टी20 रैंकिंग में दुनिया के नंबर.1 बॉलर हैं इंग्लैंड के आदिल राशिद। इस स्पिनर ने खुद को आईपीएल 2025 नीलामी में रजिस्टर भी किया था लेकिन किसी भी टीम ने उनको खरीदने में दिलचस्पी नहीं दिखाई।
बॉलर्स की टी20 विश्व रैंकिंग में दूसरे और तीसरे नंबर पर भी स्पिनर्स ही मौजूद हैं। दूसरे नंबर पर मौजूद श्रीलंका का वानिंदु हसरंगा को राजस्थान रॉयल्स ने 5 करोड़ 25 लाख में खरीदा है। जबकि तीसरे नंबर पर मौजूद ऑस्ट्रेलिया के एडम जाम्पा को सनराइजर्स हैदराबाद ने 2.40 करोड़ में खरीद लिया है।
इन रैंकिंग्स में चौथे और पांचवें स्थान पर भी स्पिनर्स का ही कब्जा है। चौथे नंबर के गेंदबाज वेस्टइंडीज के अकील होसेन को आईपीएल नीलामी में किसी ने नहीं खरीदा। जबकि नंबर.5 पर मौजूद श्रीलंका के महीष थीक्षणा को राजस्थान रॉयल्स ने 4 करोड़ 40 लाख रुपये में खरीदा है।
T20 विश्व रैंकिंग में छठे स्थान पर हैं वेस्टइंडीज के स्पिनर गुडाकेश मोती जिनको आईपीएल ऑक्शन में किसी भी टीम ने नहीं खरीदा। वहीं सातवें नंबर पर मौजूद अफगानिस्तान के दिग्गज स्पिनर राशिद खान को गुजरात टाइटंस ने 18 करोड़ में रिटेन किया है।
रैंकिंग में आठवें नंबर के गेंदबाज हैं भारतीय स्पिनर रवि बिश्नोई जिनको लखनऊ सुपर जायंट्स ने 11 करोड़ रुपये में रिटेन किया है। वहीं इन रैंकिंग में नौवें नंबर के स्पिनर हैं न्यूजीलैंड के मिचेल सैंटनर जिनको मुंबई इंडियंस ने 2 करोड़ रुपये में खरीद लिया है।
इन टी20 विश्व रैंकिंग में स्पिनर्स में दसवें नंबर पर हैं भारत के अक्षर पटेल जिनको आईपीएल 2025 नीलामी से पहले ही दिल्ली कैपिटल्स ने 16.50 करोड़ रुपये में रिटेन कर लिया था।