राहुल और प्रियंका समेत पूरा गांधी परिवार रविवार को दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित मशहूर ‘क्वालिटी’ रेस्तरां में लंच करने गया। ये ऐसा मौका था जो कभी-कभार ही आता है और लोग भी इन तस्वीरों को देखकर चौंक गए।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, उनके पति रॉबर्ट वाड्रा, बेटी मिराया और सास मौरीन वाड्रा ने रेस्तरां में दोपहर के भोजन का आनंद लिया।
राहुल गांधी ने दोपहर के भोजन की तस्वीरें पोस्ट करते हुए कैप्शन में लिखा, प्रतिष्ठित ‘क्वालिटी’ रेस्तरां में परिवार के साथ दोपहर का भोजन। अगर आप जाएं तो छोले भटूरे खा सकते हैं।
कई दशकों से मल्टी-कॉन्टिनेंटल व्यंजनों की के कारण यह रेस्तरां पारखी लोगों के लिए एक पसंदीदा भोजन स्थल बना हुआ है। रेस्तरां में परोसा जाने वाला छोला-भटूरा पीढ़ियों से सबसे अधिक बिकने वाले व्यंजनों में से एक बना हुआ है। इसके कई नियमित ग्राहकों में बॉलीवुड सहित विभिन्न क्षेत्रों की मशहूर हस्तियां शामिल हैं। दिवंगत अभिनेत्री नरगिस यहां नियमित तौर पर आती थीं।
दिल्ली के कनॉट प्लेस में स्थित क्वालिटी रेस्तरां को आजादी से पहले अमेरिकी सैनिकों द्वारा संरक्षण दिया गया था। यह रेस्तरां अपनी समृद्ध पाक विविधता के लिए जाना जाता है और विशेष रूप से अपने छोले भटूरे के लिए प्रसिद्ध है। गांधी परिवार ने भी छोले-भटूरे ऑर्डर किया।