इंदौर के राजा रघुवंशी (29) की शादी बीते मई महीने में सोनम रघुवंशी (25) के साथ हुई। शादी के बाद यह कपल हनीमून मनाने के लिए मेघालय के शिलांग पहुंचा। शिलांग में 23 मई को यह जोड़ा अंतिम बार इस्ट खासी हिल्स के सोहरा इलाके में देखा गया। इसके करीब 10 दिन बाद राजा का शव एक झरने के पास एक गहरी खाई में मिला। मेघालय के डीजीपी ने कहा कि सोनम ने अपने पति की हत्या करने के लिए मध्य प्रदेश के तीन युवकों को सुपारी दी। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोनम ने नौ जून के तड़के यूपी के गाजीपुर में सरेंडर कर दिया।
मेरठ के सौरभ हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। यह घटना इसी साल मार्च की है। सौरभ हत्याकांड के आरोपी साहिल ने अपनी प्रेमिका मुस्कान के साथ मिलकर बीते 3 मार्च को सौरभ की हत्या कर दी थी। बता दें कि सौरभ की 3 मार्च की रात को उसकी पत्नी मुस्कान रस्तोगी ने अपने प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ मिलकर सीने में चाकू घोंप कर हत्या कर दी थी। इसके बाद दोनों ने शव के टुकड़े कर उसे प्लास्टिक के नीले ड्रम में सीमेंट के घोल से सील कर दिए थे। हत्याकांड को अंजाम देने के बाद पांच मार्च को दोनों घूमने के लिए हिमाचल प्रदेश चले गए थे। 17 मार्च को दोनों मेरठ लौट कर आए थे। दोनों जेल में बंद हैं।
बिहार के बेगूसराय में ससुराल आए युवक की हत्या कर दी गई। महेश्वर राय की पत्नी इंस्टाग्राम पर रील बनाने की आदी थी। महेश्वर लगातार इस बात के लिए अपनी पत्नी को मना करता था। इसी से आक्रोशित होकर ससुराल वालों के साथ मिलकर उसकी पत्नी ने फांसी लगाकर महेश्वर राय की हत्या कर दी। पुलिस ने पति की हत्या के आरोप में उसकी पत्नी रानी राज को गिरफ्तार किया। हालांकि, बाद में पता चला कि हत्या के पीछे की वजह पत्नी का दूसरे के साथ चल रहा प्रेम प्रसंग था।
बीते अप्रैल में हरियाणा के भिवानी जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। रवीना नाम की महिला यूट्यूबर ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति प्रवीण की हत्या कर दी। दोनों ने हत्या के बाद शव को नाले में फेंक दिया। पुलिस की जांच में सामने आया कि यूट्यूबर रवीना की इंस्टाग्राम के जरिए सुरेश से संपर्क हुआ था। शुरुआती जान-पहचान के बाद दोनों साथ में मिलकर शॉर्ट वीडियो बनाने लगे थे। इसकी भनक पति को लग चुकी थी।
मेरठ में ही अमित कुमार की हत्या उसकी पत्नी रविता ने अपने प्रेमी अमरदीप के साथ मिलकर कर दी थी। इस हत्या को हादसा साबित करने के लिए रविता ने अमित के शव के पास सांप रख दिया था और लोगों को बताने लगी कि अमित की सांप के काटने से मौत हुई है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद रविता का झूठ पकड़ा गया। उसने अपने प्रेमी अमरदीप के साथ मिलकर अमित की गला घोंटकर हत्या की थी।