बिहार में कोसी और सीमांचल क्षेत्रों के लिए बड़ी राहत की खबर है। खगड़िया से पूर्णिया को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग को फोरलेन बनाने का काम जल्द शुरू होने वाला है
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने लोकसभा में बताया कि अगले डेढ़ से दो महीने में यहां पर निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने जानकारी दी है कि इस परियोजना के लिए टेंडर अवॉर्ड की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और 10-15 दिनों में कैबिनेट की मंजूरी मिलने की उम्मीद है। जिसके बाद काम शुरू हो जाएगा।
खगड़िया–पूर्णिया फोरलेन मार्ग एनएच-31 का हिस्सा है और खगड़िया से नवगछिया होते हुए पूर्णिया तक जाएगा। करीब 137 से 143 किलोमीटर लंबे इस मार्ग को चार लेन का बनाया जाएगा।
क्योंकि यह फोरलेन मार्ग बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से होकर गुजरेगा, इसलिए सड़क को ऊंचा और मजबूत बनाकर निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 4 हजार करोड़ रुपये का खर्च आएगा।
इस परियोजना का निर्माण कार्य पीपीपी मॉडल के तहत होगा। इस फोरलेन के बन जाने से यात्रा में समय कम लगेगा, व्यापार बढ़ेगा और कृषि, निवेश व रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।