Online Cheating in Patna: पटना में साइबर ठगों ने सेक्स रैकेट की फर्जी वेबसाइट बनाकर तीन लोगों को ठगा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 14, 2022, 06:18 PM IST

Patna Police: पटना में साइबर ठगों की संख्या काफी बढ़ गई है। अलग-अलग गिरोह कई तरह से साइबर ठगी कर रहे हैं। अब इन लोगों ने सेक्स रैकेट की फर्जी वेबसाइट बनाकर प्ले ब्वॉय बनाने का प्रलोभन देकर रजिस्ट्रेशन फीस के नाम पर युवाओं से ठगी कर रहे हैं। इसका मामला शहर के पत्रकार नगर थाने में आया है।

Online Cheating in Patna: पटना में साइबर ठगों ने सेक्स रैकेट की फर्जी वेबसाइट बनाकर तीन लोगों को ठगा
Photo Credit: Representative Image

Patna News: शहर की पत्रकार नगर पुलिस ने साइबर ठगी के एक नए तरीके का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो साइबर ठगों को भी गिरफ्तार किया है। इनके पास 1.15 लाख रुपए, 4 एटीएम कार्ड और 5 मोबाइल जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि साइबर ठग सेक्स रैकेट की फर्जी वेबसाइट बनाकर युवाओं को प्ले ब्वॉय बनाने के नाम पर रजिस्ट्रेशन फीस का झांसा देकर हजारों रुपए की ठगी करते थे। 

पुलिस ने इस मामले में नवादा जिले के वारसलीगंज निवासी निशांत और अविनाश को गिरफ्तार किया है। यह दोनों पटना के खेमनीचक में किराए का कमरा लेकर रह रहे थे। पुलिस विभाग के सूत्रों का कहना है कि इस गिरोह के सरगना अर्पित को भी मंगलवार की देर रात गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने अविनाश और निशांत को हनुमान नगर से गिरफ्तार किया है। 

दूसरे के नाम पर लिए गए नंबर का फर्जीवाड़े में करते हैं इस्तेमाल

पुलिस पदाधिकारियों को दोनों साइबर ठगों ने बताया कि वह लोग इंटरनेट पर सेक्स रैकेट की फर्जी वेबसाइट बनाते हैं। फिर इसका विज्ञापन निकलवाते हैं। प्ले ब्वॉय बनकर मोटी रकम कमाने के लालच में युवा रजिस्ट्रेशन कराने के लिए तैयार हो जाते हैं। इससे वह लोग युवाओं से हजारों रुपए लेते हैं। विज्ञापन में अपना मोबाइल नंबर भी देते हैं, जो अन्य आदमी के नाम पर होता है। अविनाश और निशांत ने बताया कि शहर में अब तक सैकड़ों लोगों से इस नाम पर ठगी कर चुके हैं। 

ठगों का खाता फ्रीज करेगी पुलिस

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों साइबर ठगों का खाता पुलिस फ्रीज करेगी। कहा कि इनके कब्जे से जब्त किए गए सभी मोबाइल की जांच कराई जा रही है। व्हाट्सएप चैट का डिटेल देखा जा रहा है। संदिग्ध नंबरों का भी पुलिस पता लगा रही है। ताकि इस पूरे गिरोह का भंडाफोड़ किया जा सके।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!