Bihar Chunav : 'जद-यू के निजी हमलों से आहत हुआ', नीतीश कुमार को चिराग का पत्र

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 2, 2020, 11:27 AM IST

चिराग ने मुख्यमंत्री की नीतियों पर हमला करना जारी रखा है। एक जनसभा को संबोधित करते हुए चिराग ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पिछले पंद्रह सालों से 'सुशासन बाबू' का टैग लगाकर घूम रहे हैं।

Bihar Chunav : 'जद-यू के निजी हमलों से आहत हुआ', नीतीश कुमार को चिराग का पत्र
Photo Credit: PTI

पटना : लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) नेता चिराग पासवान ने पत्र लिखकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर एक बार फिर निशाना साधा है। चिराग ने कहा है कि चुनाव में जद-यू की तरफ से निजी हमला नहीं होना चाहिए बल्कि मुख्यमंत्री को चुनाव में विकास के आधार पर वोट मांगना चाहिए। लोजपा नेता ने कहा कि चुनाव प्रचार में निजी हमलों से उनके परिवार को दुख पहुंचता है। चिराग ने जद-यू पर अपनी व्यक्तिगत छवि को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया है। चिराग का आरोप है कि उनके पिता राम विलास पासवान के अंतिम दिनों में नीतीश ने उनकी उपेक्षा की।

नीतीश कुमार पर निशाना साध रहे चिराग
अपनी चुनावी सभाओं में चिराग ने मुख्यमंत्री की नीतियों पर हमला करना जारी रखा है। एक जनसभा को संबोधित करते हुए चिराग ने सोमवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पिछले पंद्रह सालों से 'सुशासन बाबू' का टैग लगाकर घूम रहे हैं लेकिन उनकी 'लूट' से परदा उठ गया है। चिराग ने कहा, 'मुख्यमंत्री ने अपनी चुनावी सभा में कभी भी मुंगेर घटना का जिक्र नहीं किया। वह भष्ट्राचार पर एक शब्द नहीं बोलते। वह पलटूराम के रूप में जाने जाते हैं क्योंकि एक समय वह लालू प्रसाद यादव के खिलाफ थे और फिर 2015 में उनके साथ मिलकर सरकार बना ली।'

मुंगेर की घटना पर घेरा
मुंगेर की घटना पर नीतीश पर निशाना साधते हुए लोजपा नेता ने कहा, 'दुर्गा भक्तों एवं निर्दोष लोगों पर आपकी पुलिस फायरिंग करती है, इससे बड़ा अपराध क्या हो सकता है। नीतीश कुमार सरकार महिसासुर का एक रूप बन गई है। यह बात सभी को पता है कि दुर्गा मूर्ति विसर्जन के दौरान भीड़ जुटती है तो क्या भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आप गोली चलवा देंगे।'

एनडीए से अलग होकर चुनाव लड़ रही लोजपा
बिहार में लोजपा एनडीए से अलग होकर चुनाव लड़ रही है।अलग चुनाव लड़ते हुए भी उसका झुकाव भाजपा की तरफ है। भाजपा के बागी नेताओं को चिराग ने टिकट दिया है। वह अपनी चुनावी सभाओं में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखा हमला बोल रहे हैं जबकि भाजपा के प्रति नरम हैं। चिराग का कहना है कि चुनाव के बाद वह भाजपा का मुख्यमंत्री बनवाने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मदद करेंगे। हालांकि, भाजपा ने लोजपा से दूरी बनाकर रखी है। पीएम मोदी ने अपनी चुनावी रैलियों में यह स्पष्ट किया है कि एनडीए में भाजपा, जदयू, वीआईपी और हम हैं। बिहार विधानसभा के लिए पहले चरण का मतदान 28 अक्टूबर को संपन्न हो चुका है। राज्य में दूसरे चरण का मतदान तीन नवंबर को होगा।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!