एयरपोर्ट के बाद अब होटल अशोका में होगा 'पदकवीरों' का स्वागत, नीरज बोले-बहुत अच्छा लग रहा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 9, 2021, 06:49 PM IST

Indian athletics Welcome : दिल्ली एयरपोर्ट पर उनके पहुंचने से पहले भारी संख्या में हाथों में तिरंगा लिए जमा हो गए थे। ढोल-नगाड़े बजाकर और भारत के जयकारे के साथ खिलाड़ियों का स्वागत हुआ। 

नई दिल्ली : टोक्यो ओलंपिक में देश का नाम रोशन करने वाले 'पदकवीर' सोमवार को वतन लौट आए। दिल्ली एयरपोर्ट पर इन पदक विजेताओं को जोरदार एवं भव्य स्वागत हुआ। टोक्यो ओलंपिक में भारतीय खिलाड़ियों ने इस बार ऐतिहासिक प्रदर्शन किया है। भारत ने इस बार एक स्वर्ण, दो रजत पदक और चार कांस्य पदक सहित कुल सात पदक जीते हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर उनके पहुंचने से पहले भारी संख्या में प्रशंसक जुट गए थे। ढोल-नगाड़े बजाकर और भारत के जयकारे के साथ खिलाड़ियों का स्वागत हुआ। दिल्ली के होटल अशोका में शाम साढ़े छह बजे इन खिलाड़ियों का विशेष रूप से स्वागत किया जाएगा।

पेरिस ओलंपिक में गोल्ड जीतेंगे-लवलीना
मुक्केबाजी में कांस्य पदक जीतने वाली लवलीना ने कहा कि वह सभी धन्यवाद देती हैं। उन्होंने कहा कि घर वापस आकर वह बहुत खुश हैं। मुक्केबाज ने कहा, 'मेरा अगला लक्ष्य 2024 में पेरिस ओलंपिक कमें स्वर्ण पदक जीतना है।' कुछ समय पहले अशोका होटल कांस्य पदक विजेता बजरंग पुनिया भी पहुंचे।   

'टाइम्स नाउ नवभारत' से बोले नीरज-बहुत अच्छा लग रहा है 
'टाइम्स नाउ नवभारत' से खास बातचीत में नीरज चोपड़ा ने कहा कि गोल्ड मेडल जीतने पर बहुत अच्छा लग रहा है। उन्होंने कहा कि देश ऐसे ही खिलाड़ियों का समर्थन करता रहे, वह देश के लिए और मेडल जीतेंगे। चोपड़ा ने 'भारत माता की जय' के नारे लगाए।  

अशोक होटल के लिए रवाना हुए 'सुपरस्टार'
एयरपोर्ट से खिलाड़ियों का काफिला अशोका होटल के लिए रवाना हो गया है। इस होटल में केंद्र सरकार के मंत्री इन खिलाड़ियों का स्वागत करेंगे। एयरपोर्ट से दिल्ली पुलिस इन खिलाड़ियों को काफिले के साथ लेकर निकली है। रास्ते में जगह-जगह पर पदकवीरों के स्वागत में पोस्टर लगाए गए हैं। भारत सरकार के तीन मंत्री किरन रिजिजू, अनुराग ठाकुर और निसीत प्रमाणिक खिलाड़ियों का स्वागत करेंगे। 

एयरपोर्ट के बाहर जमा हुए प्रशंसक
कुश्ती में रजत पदक जीतने वाले बजरंग पूनिया के प्रशंसक, दोस्त और परिवार के लोग एयरपोर्ट के बाहर खिलाड़ियों का इंतजार कर रहे थे। प्रशंसकों ने जैवलिन थ्रो में देश को स्वर्ण पदक दिलाने वाले नीरज चोपड़ा के चेहरे वाला मास्क लगाया था। बजरंग के प्रशंसक अपने हाथ 'यू आर ऑवर हीरो बजरंग' लिखा तख्तियां लेकर खड़े हुए थे। 

जैवलिन थ्रो में गोल्ड जीतने वाले नीरज चोपड़ा की एक झलक देखने के लिए एयरपोर्ट पर लोग बेगरार नजर आए। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद तेजस्वी सूर्या और अन्य ने भी नीरज को बुके देकर स्वागत किया।

लोगों में भारी जोश एवं उत्साह 
एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों का जोश भरा स्वागत देखने को मिला। उत्साहित लोगों ने 'भारत माता की जय' के गगनभेदी नारे लगाए। छोटे बच्चे अपने हाथ में तिरंगा लिए हुए थे। छत्रपाल स्टेडियम से बड़ी संख्या खिलाड़ी अपने चेहते खिलाड़ियों का हौसलाफजाई करने एयरपोर्ट पहुंचे। सोनीपत से आए खिलाड़ियों ने कहा कि अगली बार देश के लिए वे पदक जीतेंगे। एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों का एक झलक पाने के लिए लोगों में उत्सुकता बनी हुई थी।

120 सदस्यीय दल टोक्यो पहुंचा था
टोक्यो ओलंपिक में भारत से 120 सदस्यीय दल टोक्यो पहुंचा था। इसमें से 55 खिलाड़ियों ने क्वार्टर फाइनल या उससे अधिक तक प्रदर्शन किया। पहली बार देश के पांच एथलीटों ने स्वर्ण पदक के लिए मुकाबला किया और 40 ने सेमी फाइनल तक जगह बनाई। यह प्रदर्शन काफी अहम है क्योंकि इससे निकट भविष्य में पदक तालिका में काफी सुधार होने की गुंजाइश है। खिलाड़ियों ने नए विश्वास के साथ 2024 के पेरिस ओलंपिक में अपनी निगाहें टिका दी हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!