महाराष्ट्र ATS का दावा- मनसुख हिरेन की हत्या में सचिन वाजे ने निभाई अहम भूमिका

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 23, 2021, 05:04 PM IST

महाराष्ट्र एटीएस प्रमुख जयजीत सिंह ने कहा कि सचिन वाजे ठाणे निवासी मनसुख हिरन की हत्या में संलिप्त था; एनआईए से उसकी हिरासत लेने के लिए अदालत का रुख करेंगे।

महाराष्ट्र ATS का दावा- मनसुख हिरेन की हत्या में सचिन वाजे ने निभाई अहम भूमिका

नई दिल्ली: महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने मंगलवार को कहा कि निलंबित मुंबई पुलिस अधिकारी सचिन वाजे ने मनसुख हिरेन हत्याकांड में अहम भूमिका निभाई। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए एटीएस प्रमुख जय जीत सिंह ने दावा किया कि गिरफ्तार अधिकारी हत्या के मामले में एक साजिशकर्ता था। उन्होंने कहा कि सचिन वाजे ठाणे निवासी मनसुख हिरेन की हत्या में संलिप्त था। हम एनआईए से उसकी हिरासत लेने के लिए अदालत का रुख करेंगे।

इसके अलावा एटीएस ने मनसुख हिरेन हत्या मामले के सिलसिले में दमन से एक महंगी कार जब्त की है। महाराष्ट्र के पंजीकरण नंबर वाली एक वॉल्वो कार जब्त की गई, जिसके मालिक का अभी पता नहीं चला पाया है। महाराष्ट्र एटीएस चीफ ने कहा कि दमन से आज जब्त की गई कार का मुंबई में एफएसएल द्वारा विश्लेषण किया जा रहा है।

कई गिरफ्तारियां हुईं

इससे पहले, इस हत्याकांड के संबंध में शनिवार रात दो व्यक्तियों को गिरफ्तार करने के बाद एटीएस ने गुजरात से एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। इस व्यक्ति ने कथित तौर पर आरोपियों को सिम कार्ड उपलब्ध कराए थे। अधिकारियों ने बताया था कि उन्होंने इस व्यक्ति के पास से कई सिम कार्ड बरामद किये हैं। एटीएस ने मामले के संबंध में, निलंबित पुलिसकर्मी विनायक शिंदे और क्रिकेट मैच के सटोरिये नरेश गौड़ को पिछले सप्ताह गिरफ्तार किया था।

NIA ने किया वाजे को गिरफ्तार

गौरतलब है कि मुंबई में उद्योगपति मुकेश अंबानी के आवास के पास 25 फरवरी को एक संदिग्ध वाहन पाया गया था। इस वाहन से जिलेटिन की 20 छड़ें बरामद हुई थी। यह वाहन ठाणे के कारोबारी मनसुख हिरेन का था, जो कथित तौर पर चोरी हो गया था। इसके बाद,पांच मार्च को मनसुख का शव मुंब्रा के पास मिला था। एनआईए इस पूरे मामले की जांच कर रही है और उसने सचिन वाजे को गिरफ्तार किया था। एनआईए ने अपनी जांच के तहत अभी तक पांच महंगी कारें जब्त की हैं, जिनमें दो मर्सिडीज भी शामिल हैं। 

बीजेपी हमलावर

वहीं महाराष्ट्र सरकार पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा, 'महाराष्ट्र में भी एक 'खेला' हो रहा है। मैंने महाराष्ट्र एटीएस की प्रेस कॉन्फ्रेंस देखी, जहां केवल एक बयान दिया गया और कोई सवाल नहीं लिया गया... महाराष्ट्र में जो हो रहा है वह 'विकास' नहीं है, 'वसूली' है।'

(भाषा के इनपुट के साथ)

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!