Love jihad: यूपी के मिनिस्टर मोहसिन रजा का बड़ा बयान, कहा-'साजिश के तहत फैलाया जा रहा है "लव जिहाद"

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 20, 2020, 09:26 AM IST

Love jihad in UP: यूपी के अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री मोहसिन रजा का आरोप है कि एक साजिश के तहत इस तरह की घटनाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसे रोकने के लिए अगर जरूरत पड़ी तो सरकार कानून लाएगी।

Love jihad: यूपी के मिनिस्टर मोहसिन रजा का बड़ा बयान, कहा-'साजिश के तहत फैलाया जा रहा है "लव जिहाद"

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री मोहसिन रजा (Mohsin Raza) ने प्रदेश में बढ़ते लव जिहाद (Love jihad) के मामलों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में साजिश के तहत लव जिहाद के मामले बढ़ रहे हैं। कोरोना वायरस के संक्रमण से राहत पाने के बाद मंत्री रजा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह तो तय है कि प्रदेश में साजिश के तहत लव जिहाद फैलाया जा रहा है। प्रदेश के कुछ दल भी तुष्टिकरण की राजनीति करने के लिए इसको बढ़ावा दे रहे हैं। मासूम लड़कियों को गुमराह किया जा रहा है। विवाह के बाद उनका धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है।

मंत्री ने कहा कि अब धर्म परिवर्तन करवाकर शादी करने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी। मोहसिन ने कहा कि प्रदेश में एक साजिश के तहत भोली-भाली लड़कियों को शिकार बनाया जा रहा है। बीते कुछ दिनों में लव जिहाद की घटनाएं बढ़ी हैं। इसमें अधिकांश हिंदू लड़कियों को मोहरा बनाया जा रहा है।रजा का आरोप है कि एक साजिश के तहत इस तरह की घटनाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसे रोकने के लिए अगर जरूरत पड़ी तो सरकार कानून लाएगी। इसकी की तैयारी हो रही है।

प्रदेश में लव जिहाद और धर्मातरण के लगातार बढ़ते मामलों पर मोहसिन रजा ने कहा कि सिमी और पीएफआई जैसे संगठन भी इसके पीछे हैं।मंत्री ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां पड़ताल में लगी हैं।

लव जिहाद और धर्मातरण की काफी शिकायतें आ रही हैं

सिमी और हाल ही में पीएफआई (PFI) का नाम भी इस तरह के मामले में आ चुका है। इनमें जो लोग जुड़े हैं, बहुत शातिर किस्म के लोग हैं जो आतंकी संगठनों से जुड़े हुए हैं। इनको हमारे देश में तुष्टिकरण की राजनीति के तहत राजनीतिक पार्टियों का समर्थन मिल गया। इस साजिश का खुलासा होना चाहिए। यह एक साजिश के तहत यह काम किया जा रहा है। भोली-भाली लड़कियों को प्रेमजाल में फंसाकर उनके साथ शादी करना, फिर उनका धर्मातरण किया जा रहा है। उनसे कहा जा रहा है कि 'पहले आप कलमा पढ़िए, मुसलमान हो जाइए, फिर क्रिश्चियन हो जाइए, पहले आप धर्म परिवर्तन करिए। इसके पीछे बहुत बड़ी साजिश है।'

धर्मांतरण के खिलाफ कानून लाने की तैयारी में योगी सरकार!

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार राज्य में धर्मांतरण के खिलाफ कानून लाने की तैयारी में है। हाल ही में प्रदेश में लव जिहाद के सामने आए मामलों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार इस बारे में विचार कर रही है।

मीडिया सूत्रों के मुताबिक कहा जा रहा है कि अन्य राज्यों के धर्मांतरण के खिलाफ बने कानूनों और अधिनियमों की स्टडी की जा रही है और इसके बाद धर्मांतरण को लेकर उत्तर प्रदेश का अपना कानून बनाया जाएगा। बीते दिनों उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से कथित लव जिहाद के कई मामले सामने आए थे। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!