पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर गिरफ्तार, रेप केस में MP की मदद का आरोप, शिकायतकर्ता ने खुद को लगाई थी आग

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 27, 2021, 05:48 PM IST

UP कैडर के पूर्व IPS अधिकारी अमिताभ ठाकुर को रेप केस में आरोपी बीएसपी सांसद के साथ मिलकर साजिश के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। शिकायतकर्ता महिला और उसके दोस्‍त ने सुप्रीम कोर्ट के बाहर खुद को आग लगा ली थी।

पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर गिरफ्तार, रेप केस में MP की मदद का आरोप, शिकायतकर्ता ने खुद को लगाई थी आग
Photo Credit: ANI

लखनऊ : उत्तर प्रदेश कैडर के पूर्व आईपीएस अधिकारी अमिताभ ठाकुर को पुलिस ने शुक्रवार को रेप केस में BSP सांसद की मदद के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। सांसद अतुल राय पर आरोप लगाने वाली महिला ने बीते सप्‍ताह अपने दोस्‍त के साथ नई दिल्‍ली में सुप्रीम कोर्ट के बाहर खुद को आग लगा ली थी, जिसमें वे बुरी तरह झुलस गए। बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

BSP सांसद अतुल राय पर एक महिला ने रेप का आरोप लगाया था। पूर्व आईपीएस अमिताभ ठाकुर पर सांसद को बचाने के लिए आपराधिक षड्यंत्र रचने का आरोप है। आरोप है कि ठाकुर ने इस मामले में सोशल मीडिया के जरिये झूठी बात फैलाने के लिए सांसद के साथ मिलकर साजिश की। पुलिस ने इस मामले में एसआईटी की रिपोर्ट के आधार पर पूर्व आईपीएस अफसर को गिरफ्तार किया है।

महिला ने की थी शिकायत

शिकायतकर्ता महिला ने आरोप लगाया था कि पूर्व आईपीएस अधिकारी ने मुख्‍तार अंसारी के कहने पर रेप आरोपी के साथ मिलकर इस मामले में आपराधिक साजिश रची। महिला ने अपने दोस्‍त के साथ 16 अगस्‍त को सुप्रीम कोर्ट के बाहर आग लगा ली थी, जिसमें वे बुरी तरह झुलस गए थे। उन्‍हें अस्‍पताल ले जाया गया था, लेकिन उपचार के दौरान उन्‍होंने दम तोड़ दिया। उन्‍होंने इस घटना का फेसबुक लाइव भी किया था।

अमिताभ ठाकुर को केंद्रीय गृह मंत्रालय के एक फैसले के बाद 23 मार्च को अनिवार्य सेवानिवृत्ति दे दी गई थी। ठाकुर का कार्यकाल 2028 में पूरा होने वाला था। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!