मिशन यूपी के लिए लखनऊ पहुंचीं प्रियंका गांधी, स्वागत में उमड़ा कार्यकर्ताओं का हुजूम

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 16, 2021, 04:27 PM IST

Priyanka Gandhi Lucknow visit: अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी संगठन में जान फूंकने के लिए लखनऊ पहुंच चुकी हैं।

मिशन यूपी के लिए लखनऊ पहुंचीं प्रियंका गांधी, स्वागत में उमड़ा कार्यकर्ताओं का हुजूम

लखनऊ:कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) अपने मिशन यूपी के लिए दो दिवसीय दौरे के तहत आज लखनऊ पहुंची। इस दौरान वह संगठन में जान फूंकने के लिए दो दिन तक कार्यकर्ताओं और संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति पर मंथन करेंगी। जैसे ही प्रियंका एयरपोर्ट पर पहुंची तो उनके स्वागत के लिए कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा।

हुआ जबरदस्त स्वागत

प्रियंका गांधी जैसे ही लखनऊ पहुंची तो सबसे पहले वह एयरपोर्ट से सीधे हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा पर पहुंची और माल्यार्पण किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा और जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।कांग्रेस कार्यालय जाने तक उन्हें भारी जाम का सामना करना पड़ा। कांग्रेस दफ्तर के बाहर उनके स्वागत में पोस्टर और बैनर पटे हुए नजर आए। लखनऊ के हुसैनगंज इलाके में तो जाम को खुलवाने में उनके निजी स्टाफ तक को आगे आना पड़ा।

गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद प्रियंका गाधी ने यहां कुछ देर के लिए मौन व्रत रखा। यूपी कांग्रेस ने ट्वीट करते हुए कहा, 'उत्तर प्रदेश से कानून का राज समाप्त हो चुका है। उत्तर प्रदेश में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, लूट, हत्या और बलात्कार प्रदेश की पहचान बन चुकी है। कांग्रेस महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी  जी का GPO चौराहे पर गांधी प्रतिमा के समाने मौनव्रत।'

संगठन को मजबूत करने के लिए बैठकें करेंगी प्रियंका

प्रियंका शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर प्रदेश कार्यकारणी, पदाधिकारियों और जिला शहर अध्यक्ष के साथ बैठक करेंगी। उसके बाद विभिन्न किसान संगठनों के पदाधिकारियों से भी मुलाकात करेंगी। प्रियंका अपने दौरे के दूसरे दिन शनिवार को अमेठी तथा रायबरेली के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात करेंगी। उसके बाद वह बेरोजगार मंच के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगी। इसके अलावा प्रियंका गांधी पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों, पूर्व जिला व शहर अध्यक्ष और पूर्व फ्रंटल व डिपार्टमेंट के अध्यक्षों के साथ बैठक करने के बाद फ्रंटल, विभाग, प्रकोष्ठ के अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्यों और ब्लाक प्रमुखों के साथ भी बैठक करेंगी।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!