Women's Day 2025 Special Chocolate Cake Recipe: हमारे जीवन में महिलाओं का बेहद अहम योगदान है। कभी मां तो कभी बहन तो कभी मित्र तो कभी जीवनसाथी के रूप में महिलाएं अपने हर दायित्व को बखुबी निभाती हैं। इसलिए दुनियाभर में एक दिन महिलाओं को समर्पित किया गया है। इंटरनेशनल वुमन्स डे यानी अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च को मनाया जाता है। ये दिन महिलाओं के त्याग और समर्पण को सेलिब्रेट करने का दिन है। बता दें कि जर्मन एक्टिविस्ट क्लारा जेटकिन के प्रयासों के बाद वर्ष 1910 में महिला दिवस को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिकारिक तौर पर सहमति दी गई। इसके बाद पहला अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 19 मार्च 1911 को मनाया गया। लेकिन बाद में इसकी तारीख को बदलकर 8 मार्च कर दिया गया, तब से हर साल अंतराष्ट्रीय महिला दिवस 8 मार्च को ही मनाया जाता है। महिला दिवस के दिन यूं तो कई तरह के प्रोग्राम होते हैं लेकिन अगर आप खुद अपने आसपास की महिलाओं को स्पेशल फील कराना चाहते हैं तो आपको उनके लिए केक बनाना चाहिए। यहां पर आपकी मदद के लिए ही महिला दिवस की स्पेशल चॉकलेट केक की रेसिपी दी गई है। ये रेसिपी हिंदी में है और काफी आसान है।
चॉकलेट केक बनाने की सामग्री -
1) मैदा- 1 कप
2) चीनी- 1 कप पिसी हुई
3) बेकिंग सोडा- 1 चम्मच
4) बेकिंग पाउडर- 1 चम्मच
5) कोको पाउडर- आधा कप
6) कॉफी पाउडर- 1 चम्मच
7) नमक- आधा चम्मच
8) पानी- आधा कप (गर्म)
9) तेल- आधा कप
10) ठंडा दूध- आधा कप
11) अंडा- एक (फेंटा हुआ)
12) वनीला एसेंस- एक चम्मच

easy moist chocolate cake recipe
चॉकलेट केक बनाने की विधि-
1) इस केक को हमें ओवन में बनाना है, इसलिए सबसे पहले ओवन को 180 डिग्री सेल्सियस पर प्रीहिट कर लें और बेकिंग टिन जिसमें केक बनाना है, उसमें थोड़ा तेल लगाकर चिकना कर लें।
2) अब केक का बैटर तैयार करें। इसके लिए एक बर्तन में मैदा, चीनी, कोको पाउडर, बेकिंग पाउडर, बेकिंग सोडा और कॉफी पाउडर को अच्छी तरह से मिक्स करें और रख दें।
3) इस बीच आप एक कटोरी में तेल और गर्म पानी को डालें और अच्छी तरह से मिक्स कर लें। इसे ठंडा होने दें। ठंडा होने के बाद इसमें ठंडा दूध और वनीला एसेंस डालें। इसके बाद इसमें फेंटा हुआ अंडा डालें और इसे अच्छी तरह से मिक्स कर दें।
4) अब इस लिक्विड को मैदे वाली सामग्री में डालें और सारी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स करें। इसके बाद चिकनाई लगी बेकिंग टिन में ये सारी सामग्री डाल दें। इसके बाद इस टिन को ओवन में 180 डिग्री सेल्सियस पर करीब 40 मिनट तक बेक करें।
5) इसके बाद इसमें एक टूथपिक डालकर चेक करें। अगर टूथपिक में ये केक चिपक जाए तो समझिए थोड़ा और पकाना है। अगर टूथपिक एकदम साफ होकर बाहर निकले तो समझिए केक बेक हो चुका है।
6) तैयार है आपका चॉकलेट केक। अगर आप इस नमी वाला बनाना चाहते हैं तो इस पर चॉकलेट सिरप डाल सकते हैं। इसे अच्छी तरह से चॉकोचिप्स से डेकोरेट करें और महिला दिवस का सरप्राइज दें। अगर आप अंडा नहीं खाते हैं तो उसे स्किप भी कर सकते हैं।
अगर आप इस तरह से केक बनाते हैं तो यकीनन आपका केक बहुत टेस्टी बनने वाला है। इसे आप अपनी मां, बहन, दोस्त और ऑफिस कलीग्स को गिफ्ट कर उन्हें स्पेशल फील करा सकते हैं।
