Makar Sankranti Tilkut Recipe: लोहड़ी के दूसरे दिन ही मकर संक्रांति मनाई जाती है और इस साल ये खास दिन 14 जनवरी को है। ये मौसम सर्दियों के खत्म होने और गर्मी शुरू होने का प्रतीक है। इसे देशभर में लोग बड़ी धूमधाम से मनाते हैं। इस दिन स्नान-दान किया जाता है। घर को सजाया जाता है और रंग-बिरंगे पकवान बनाए जाते हैं। खासतौर से तिल और गुड़ की मिठाइयां जरूर बनती हैं। इसमें तिलकुट, रेवड़ी, तिल लड्डू शामिल है। यहां हम आपको सफेद तिल से बनने वाले तिलकुट की रेसिपी बता रहे हैं। ये रेसिपी खासतौर से गुड़ वाली है, जिसमें आपको चीनी का इस्तेमाल न करना पड़े।
तिलकुट बनाने की सामग्री (Tilkut Recipe Ingredients) -
- सफेद तिल
- देसी घी
- गुड़
- इलायची पाउडर
तिलकुट बनाने की विधि (Tilkut Banane Ki Vidhi) -
तिलकुट बनाने के लिए आपको करीब 150 ग्राम सफेद तिल लेने हैं। तिल के बराबर यानि 150 ग्राम गुड़ लें और 1 टीस्पून देसी घी ले लें। एक कड़ाही में तिल को मीडियम फ्लेम पर हल्का ब्राउन होने तक भून लें। बिना तेल या घी के तिल आसानी से भुन जाते हैं। बस बीच-बीच में चलाते रहें जिससे तिल नीचे से जलें नहीं। जब तिल हल्के ठंडे हो जाएं को मिक्सी में दरदरा पीस लें। अब कड़ाही में गुड़ को बारीक टुकड़ों में तोड़कर डालें और इसमें 1 चम्मच पानी मिलाकर चाशनी तैयार कर लें। गुड़ को चलाते रहें जिससे जल्दी पिघल जाए। जब गुड़ कड़ाही को छोड़ने लगे और उसमें बबल बन जाएं तो चाशनी को चेक कर लें। एक चम्मच में पानी लें और उसमें गुड़ की चाशनी की 1-2 बूंद डालकर 10 सेकेंड के लिए छोड़ दें। अब चेक करें अगर चाशनी तार जैसी खिंच रही है तो इसे थोड़ी देर और पकाएं। धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए गुड़ को और पका लें। अब एक बार फिर से चम्मच में कुछ बूंदे डालकर चेक करें। चाशनी को इतना पकाना है कि चिपक खत्म हो जाए और गुड़ आसानी से टूट जाए। अब गैस की फ्लेम एकदम कम कर दें और पिसे हुए तिल को थोड़ा-थोड़ा करके चाशनी में मिलाते जाएं। गैस बंद कर दें और अब तिलकुट को सेट कर लें। इसके लिए एक चपटी कटोरी या कोई ढक्कन लें और उसमें नीचे थोड़ा घी लगाएं। तैयार मिश्रण को कटोरी में डालें और बेलन की नोक वाली साइड से दबाएं। अब तिलकुट की शेप बनकर तैयार हो जाएगी।
