लाइफस्टाइल

करवा चौथ सरगी में खाएं प्रोटीन और फाइबर से भरी पनीर सलाद, फॉलों करें Kabita's Kitchen की आसान रेसिपी

Karwa Chauth Sargi Recipe: करवा चौथ पर सरगी में कुछ हेल्दी और टेस्टी खाना चाहती हैं, तो पनीर सलाद एक अच्छा विकल्प हो सकता है। पनीर और सब्जियों से तैयार यह डिश प्रोटीन, फाइबर और स्वाद का बढ़िया मेल है, जिसे आसानी से बना सकती हैं।

Image

Karwa chauth sargi recipe kabita's kitchen

Karwa Chauth Sargi Recipe: करवा चौथ का व्रत रखने वाली महिलाओं के लिए सरगी का खास महत्व होता है। सुबह सूर्योदय से पहले खाया जाने वाला यह भोजन दिनभर के व्रत की शुरुआत करता है। ऐसे में सरगी की थाली में ऐसी चीजें शामिल करना अच्छा रहता है, जो स्वादिष्ट होने के साथ शरीर को जरूरी पोषक तत्व भी दें। अगर आप हर साल सरगी में वही मिठाई, फल या पराठे खाकर बोर हो गई हैं, तो इस बार पनीर सलाद ट्राई कर सकती हैं।

यह रेसिपी उन लोगों को भी पसंद आएगी, जो अपनी डाइट में प्रोटीन और सब्जियों की मात्रा बढ़ाना चाहते हैं। Kabita's Kitchen की रेसिपी से प्रेरित इस सलाद में पनीर के साथ गाजर, शिमला मिर्च, ब्रोकली और पत्तागोभी का इस्तेमाल किया जाता है। हल्के मसालों और थोड़े से घी-बटर के साथ तैयार होने वाली यह डिश रंगीन, स्वादिष्ट और बनाने में आसान है। आइए जानते हैं इसकी रेसिपी।

पनीर सलाद बनाने के लिए सामग्री

इस हेल्दी सलाद को बनाने के लिए आपको बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं होगी। ज्यादातर सामग्री घर की रसोई में आसानी से मिल जाती है।

  • पनीर – 200 ग्राम
  • गाजर – 2, कटी हुई
  • शिमला मिर्च – 1, कटी हुई
  • ब्रोकली – आवश्यकतानुसार
  • पत्तागोभी – आवश्यकतानुसार
  • लहसुन – बारीक कटा हुआ
  • घी – आधा छोटा चम्मच
  • बटर – आधा छोटा चम्मच
  • काली मिर्च पाउडर – स्वादानुसार
  • लाल मिर्च पाउडर – स्वादानुसार
  • नमक – स्वादानुसार
  • इटैलियन सीजनिंग और चिली फ्लेक्स – आवश्यकतानुसार
  • आप चाहें तो इस सलाद में मशरूम, जुकीनी और फ्रेंच बीन्स भी मिला सकती हैं।

कैसे बनाएं प्रोटीन और फाइबर से भरपूर पनीर सलाद?

स्टेप 1: सबसे पहले पनीर को भूनें

सबसे पहले पनीर को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। अब एक पैन गर्म करें और उसमें आधा छोटा चम्मच घी डालें। घी गर्म होने पर पनीर के टुकड़े डालें। ऊपर से काली मिर्च, लाल मिर्च पाउडर और थोड़ा नमक छिड़कें। पनीर को लगभग 30 सेकंड तक हल्के हाथ से चलाते हुए भूनें। जब पनीर पर मसालों की अच्छी परत चढ़ जाए, तो इसे प्लेट में निकाल लें।

स्टेप 2: सब्जियों को करें हल्का सौते

अब उसी पैन में आधा छोटा चम्मच बटर डालें। इसमें बारीक कटा लहसुन डालकर हल्का भूनें। लहसुन से खुशबू आने लगे, तो गाजर, शिमला मिर्च, ब्रोकली और पत्तागोभी डाल दें। ऊपर से नमक, इटैलियन सीजनिंग और चिली फ्लेक्स मिलाएं। सब्जियों को मध्यम आंच पर करीब एक मिनट तक चलाते हुए पकाएं। ध्यान रखें कि सब्जियां बहुत ज्यादा नरम न हों, ताकि उनका हल्का कुरकुरापन बना रहे।

स्टेप 3: पनीर और सब्जियों को करें सर्व

अब एक सर्विंग बाउल लें। इसमें एक तरफ हल्की भुनी हुई सब्जियां रखें और दूसरी तरफ मसालेदार पनीर के टुकड़े सजाएं। चाहें तो ऊपर से थोड़ी काली मिर्च या मिक्स हर्ब्स छिड़क सकती हैं। इस तरह आपकी रंग-बिरंगी पनीर सलाद तैयार हो जाएगी।

यह रेसिपी स्वाद और पोषण को एक साथ लाने का आसान तरीका है। अगर आप सरगी में कुछ नया ट्राई करना चाहती हैं, तो इस पनीर सलाद को अपनी मेन्यू लिस्ट में शामिल कर सकती हैं।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article