लाइफस्टाइल

बारिश के मौसम में घर को बनाएं कूल और कम्फर्टेबल, जानें आसान ट्रिक्स जो दूर करेंगे सीलन और उमस

Monsoon Home Care Tips: मानसून के मौसम में अक्सर घरों में उमस और सीलन की समस्या होने लगती है। ऐसे में आपको कुछ आसान उपाय फॉलो करने चाहिए। जिससे आपको इस समस्या से निजात मिल सकती है।

Image

मानसून में घर कैसे रखें घर का ख्याल?

Monsoon Home Care Tips: बारिश का मौसम जहां गर्मी से राहत लेकर आता है, वहीं घरों में बढ़ती उमस कई तरह की परेशानियों की वजह बन जाती है। हवा में नमी बढ़ने से कमरों में चिपचिपापन महसूस होता है, कपड़े देर से सूखते हैं, दीवारों पर सीलन आने लगती है और फफूंदी और गंध की समस्या भी बढ़ जाती है। इस तरह लगातार उमस रहने से घर का माहौल काफी असहज हो जाता है और सेहक पर भी इसका बुरा असर पड़ सकता है। हालांकि आज हम आपको कुछ आसान उपाय बताएंगे, जिन्हें अपनाकर आप अपने घर को बारिश के मौसम में भी तरो ताजा, सूखा और आरामदायक बनाए रख सकते हैं। आइए जानते हैं (Rainy Season Home Care) इसके लिए आसान और असरदार उपाय...

वेंटिलेशन का खास ध्यान रखें

बारिश के दौरान अक्सर लोग खिड़कियां पूरी तरह बंद कर देते हैं, जिससे घर के अंदर नमी बढ़ जाती है। ऐसे में जब भी बारिश रुक जाए और मौसम साफ हो, कुछ समय के लिए खिड़कियां और दरवाजे खोल दें ताकि ताजी हवा अंदर आ सके। यदि संभव हो तो एग्जॉस्ट फैन का इस्तेमाल करें, खासकर रसोई और बाथरूम में, जहां नमी सबसे अधिक जमा होती है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: SPF 30 और SPF 50 में क्या फर्क है?

सीलन और फफूंदी दूर करें

मानसून के दिनों में दीवार, अलमारी के पीछे या कोनों में आपको सीलन दिखाई दे तो उसे नजरअंदाज न करें। इन दिनों समय-समय पर ऐसी जगहों की सफाई करें और सूखे कपड़े से नमी हटाएं। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर एंटी-फंगल क्लीनर का भी इस्तेमाल करें। इससे फफूंदी बनने की संभावना कम हो जाती है और घर में बदबू भी नहीं फैलती है।

घर को सूखा रखें

बारिश में गीले जूते, छाते और गीले कपड़े घर के अंदर रखने से नमी तेजी से बढ़ती है। इसलिए हमेशा कोशिश करें कि इन्हें बालकनी, वॉशिंग एरिया या किसी खुली जगह पर सुखाएं। इसके अलावा घर के अंदर फर्श पर पानी जमा न रहने दें और पोछा लगाने के बाद कमरे को अच्छी तरह सूखने दें।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: दिल में गुस्सा रखने से शरीर पर क्या असर पड़ता है?

प्राकृतिक तरीके भी हैं असरदार

मानसून में उमस कम करने के लिए कुछ प्राकृतिक उपाय भी काफी कारगर होते हैं। कमरे में कपूर, बेकिंग सोडा या चारकोल के छोटे-छोटे बाउल रखने से उमस और बदबू कम करने में मदद मिल सकती है। इसके अलावा नीम की पत्तियां या सूखे लौंग भी अलमारी और स्टोर रूम में रखने से नमी के कारण आने वाली गंध से राहत मिलती है।

सही उपकरणों का करें इस्तेमाल

अगर आपके क्षेत्र में लंबे समय तक बारिश होती है और घर में लगातार नमी बनी रहती है, तो डीह्यूमिडिफायर या एयर कंडीशनर के "ड्राई मोड" का उपयोग किया जा सकता है। इससे हवा में मौजूद अतिरिक्त नमी कम होती है और कमरे अधिक आरामदायक महसूस होते हैं। पंखा भी लगातार चलाने से हवा का संचार बेहतर रहता है।

मानसून में घर के लिए टिप्स

बारिश के मौसम में थोड़ी-सी सावधानी आपके घर को उमस, बदबू और सीलन से बचा सकती है। इसके लिए वेंटिलेशन, साफ-सफाई, नमी पर कंट्रोल और सही घरेलू उपाय अपनाकर आप पूरे मानसून के दौरान अपने घर को ताजा, स्वच्छ और आरामदायक बनाए रख सकते हैं। इससे न केवल घर का वातावरण बेहतर रहेगा, बल्कि परिवार की सेहत भी सुरक्षित रहेगी।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article