Veg Biryani Recipe(वेज बिरयानी की रेसिपी): बिरयानी का नाम सुनते ही लोगों के मुंह में पानी आ जाता है। बिरयानी नॉनवेज हो या फिर वेज इसका स्वाद हर किसी को पसंद आता है। लेकिन अक्सर नॉनवेज खाने वाले लोग ये कहते हैं कि वेज बिरयानी कुछ नहीं होती, उसे पुलाव कहा जाता है। ऐसे लोग स्ट्रीट स्टाइल वेज बिरयानी ट्राय कर उनकी बोलती बंद कर सकते हैं। यहां हम आपके लिए स्ट्रीट स्टाइल वेज बिरयानी की रेसिपी लेकर आए हैं। घर पर वेज बिरयानी बनाना बेहद आसान है। इसे आप झटपट घर पर तैयार कर सकते हैं। यहां नोट करें वेज बिरयानी रेसिपी।
सामग्री
चावल के लिए:
- 1.5 कप बासमती चावल
- 3-4 हरी इलायची
- 2-3 लौंग
- 1-2 तेज पत्ता
- नमक स्वादानुसार
- 2-3 बूंद केवड़ा जल
सब्जियों के लिए:
- 1 कप कटी हुई सब्जियां (गाजर, बीन्स, फूलगोभी, आलू)
- 1/2 कप सोया चंक्स
- 1 बड़ा प्याज, लंबा और पतला कटा हुआ (ब्राउन करने के लिए)
- 1 बड़ा प्याज, बारीक कटा हुआ
- 1 टमाटर, कटा हुआ
- 1/2 कप दही
- 1 चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
- 1/2 चम्मच हल्दी पाउडर
- 1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर
- 2 चम्मच बिरयानी मसाला
- थोड़ी सी पुदीना पत्तियां और धनिया पत्तियां
- नमक और तेल/घी
दम लगाने के लिए
- 1 बड़ा चम्मच घी
- थोड़ा सा केसर का दूध (चुटकी भर केसर को 2 चम्मच गर्म दूध में भिगो दें)
- तली हुई ब्राउन प्याज
- थोड़ी सी पुदीना और धनिया पत्तियां
बनाने का तरीका
1. चावल तैयार करें
- चावल को धोकर 30 मिनट के लिए भिगो दें।
- एक बड़े बर्तन में पानी, नमक, हरी इलायची, लौंग और तेज पत्ता डालकर उबालें।
- जब पानी उबलने लगे, तो भिगोए हुए चावल डालें और उन्हें 70-80% तक पका लें। चावल पूरी तरह से नहीं पकने चाहिए।
- चावल को छानकर अलग रख लें।
2. सब्जियां तैयार करें
- एक पैन में तेल गर्म करें और पतले कटे हुए प्याज को सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें। इन्हें निकालकर अलग रख लें।
- उसी तेल में बारीक कटा हुआ प्याज भूनें। अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर कच्ची महक जाने तक भूनें।
- टमाटर डालकर नरम होने तक पकाएं। अब हल्दी, लाल मिर्च और बिरयानी मसाला डालकर अच्छी तरह मिला लें।
- कटी हुई सब्जियां और सोया चंक्स डालें। इन्हें 2-3 मिनट तक भूनें।
- अब दही, नमक, कटी हुई पुदीना और धनिया पत्तियां डालकर अच्छी तरह मिलाएं।
- पैन को ढककर सब्जियों को 50-60% तक पकने दें।
3. बिरयानी को दम दें
- एक बड़े और भारी तले वाले बर्तन में, पहले सब्जियों की एक परत लगाएं।
- अब इसके ऊपर आधे पके हुए चावल की एक परत फैलाएं।
- चावल के ऊपर थोड़ी सी तली हुई प्याज, पुदीना पत्तियां, धनिया पत्तियां, केसर वाला दूध और 1/2 चम्मच घी डालें।
- इसी तरह सब्जियों और चावल की एक और परत लगाएं।
- ऊपर से बची हुई तली हुई प्याज, पुदीना, धनिया, केसर का दूध और बचा हुआ घी डालें।
- बर्तन को एक ढक्कन से कसकर बंद करें या फिर आटे का इस्तेमाल करके किनारों को सील कर दें ताकि भाप बाहर न निकले।
- बिरयानी को धीमी आंच पर 15-20 मिनट तक पकने दें। आप चाहें तो नीचे एक तवा भी रख सकते हैं ताकि बिरयानी जले नहीं।
- गैस बंद करने के बाद, तुरंत ढक्कन न खोलें। इसे 10 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें ताकि सभी स्वाद अच्छी तरह से मिल जाएं।
