वायरल न्यूज़

आसमान से उतरते दिखे 'जीसस क्राइस्ट', घने बादलों के बीच दिखा अद्भुत नजारा, देखें Viral Video

Viral Video: ब्राजील के रियो डी जनेरियो स्थित कोर्कोवाडो पर्वत पर घने बादलों और कोहरे ने 'क्राइस्ट द रिडीमर' प्रतिमा को पूरी तरह घेर लिया। बादलों की लहरों के ऊपर बाहें फैलाए खड़ी यह प्रतिमा ऐसी दिख रही है मानो स्वयं जीसस क्राइस्ट स्वर्ग से अवतरित हो रहे हों।

Image

कैमरे में कैद अद्भुत नजारा (तस्वीर साभार-@cheezewino)

Viral Video: प्रकृति जब अपनी कलाकारी दिखाती है, तो बड़े से बड़ा सिनेमाई पर्दा भी उसके आगे फीका पड़ जाता है। ऐसा ही एक अविश्वसनीय और अलौकिक दृश्य ब्राजील के रियो डी जनेरियो शहर से सामने आया है, जिसने इंटरनेट की दुनिया को मंत्रमुग्ध कर दिया है। शहर की पहचान मानी जाने वाली विश्व प्रसिद्ध प्रतिमा 'क्राइस्ट द रिडीमर' जब घने सफेद बादलों और कोहरे की चादर में लिपटी, तो एक ऐसा दुर्लभ भ्रम पैदा हुआ, जिसे देखकर लोगों की आंखें खुली की खुली रह गईं।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस एरियल वीडियो में देखा जा सकता है कि कोर्कोवाडो पर्वत की चोटी और उसके आसपास का पूरा इलाका रुई जैसे घने सफेद बादलों के समंदर में डूबा हुआ है। हवा के तेज बहाव के साथ बादल पहाड़ की ढलान से किसी झरने की तरह नीचे बहते नजर आ रहे हैं। ठीक इसी बीच, बादलों की इस मोटी परत को चीरते हुए 'क्राइस्ट द रिडीमर' की प्रतिमा अपनी दोनों बाहें फैलाए आसमान की ओर देखती हुई दिखाई देती है। ऊंचाई से लिए गए इस दृश्य में प्रतिमा का निचला हिस्सा और पहाड़ बादलों में पूरी तरह छिप गया है। ऐसे में पहली नजर में यह नजारा बिल्कुल वैसा ही प्रतीत होता है, मानो स्वयं ईसा मसीह 'स्वर्ग के बादलों' को चीरकर धरती पर पुनर्जन्म ले रहे हों या अवतरित हो रहे हों। सूरज की हल्की सुनहरी रोशनी और पीछे दिखती अन्य पहाड़ियों की चोटियों ने इस पूरे फ्रेम को किसी हॉलीवुड फिल्म के भव्य दृश्य जैसा बना दिया है। जानकारों के अनुसार, कोर्कोवाडो पर्वत की अधिक ऊंचाई और अटलांटिक महासागर से आने वाली नम हवाओं के कारण रियो डी जनेरियो में अक्सर 'ओरोग्राफिक क्लाउड्स' बनते हैं। जब हवा में नमी ज्यादा होती है और तापमान गिरता है, तो बादल पर्वत की चोटी के आसपास जमा हो जाते हैं। कई बार बादलों की ऊंचाई ठीक प्रतिमा के आधार तक ही सीमित रहती है, जिससे ऊपर का हिस्सा साफ आसमान में चमकता रहता है और यह जादुई नजारा बनता है। देखें वीडियो...

दिल जीतने वाला नजारा

वीडियो देखकर आप भी मंत्रमुग्ध हो गए होंगे। कई लोगों को तो अपनी आंखों पर यकीन करना मुश्किल हो रहा होगा। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर छाया हुआ है। इतना ही नहीं लोग वीडियो पर जमकर कमेंट भी कर रहे हैं। कुछ लोग जहां इसे 'दिव्य अनुभव', 'स्वर्ग की झलक' और 'प्रकृति का सबसे खूबसूरत करिश्मा' बता रहे हैं। तो कई लोगों ने लिखा कि यह वीडियो तनाव भरे दिन में मन को असीम शांति देने वाला है। तो इस नजारे पर आपकी क्या प्रतिक्रिया है जरूर बताएं।

Kaushlendra Pathak
कौशलेंद्र पाठकauthor

कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

और पढ़ें
End of Article