Times Now Navbharat
live-tv
Premium

UP चुनाव : NDA में सीट बंटवारे पर क्यों है खींचतान? BJP से कितनी सीटें चाहते हैं 4 दल, क्या है इनकी मांग

​​सूत्रों का कहना है कि चुनाव लड़ने के लिए एनडीए के ये सहयोगी दलों ने जितनी सीटें मांग रहे हैं, भाजपा के लिए इतनी सीटें देना संभव नहीं है। सीट बंटवारे पर सहयोगी दलों के साथ पेच न फंसे और गतिरोध पैदा न हो, इसलिए सीट बंटवारे पर अंतिम फैसला भाजपा का शीर्ष कमान करेगा।

Image
यूपी में सीट बंटवारे पर दलों में खींचतान जारी है।
Written by: आलोक कुमार राव
Updated Nov 26, 2026, 15:03 IST
Follow on Google News

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में सीट बंटवारे का मसला केवल समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच ही फंसा हुआ नहीं है, बल्कि यह खींचतान भारतीय जनता पार्टी (BJP) की अगुवाई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में भी चल रही है। यूपी में एनडीए के चार सहयोगी दल, जयंत चौधरी की राष्ट्रीय लोक दल, अनुप्रिया पटेल की अपना दल (एस), ओमप्रकाश राजभर की सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) और संजय निषाद की निषाद पार्टी है। इन सभी दलों की इच्छा पिछली बार से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने की है। हाल के दिनों में इनकी बैठकें भाजपा के प्रदेश स्तर के नेताओं के साथ हुई हैं।

भाजपा नेतृत्व करेगा सीट बंटवारे पर अंतिम फैसला

सूत्रों का कहना है कि चुनाव लड़ने के लिए एनडीए के ये सहयोगी दलों ने जितनी सीटें मांग रहे हैं, भाजपा के लिए इतनी सीटें देना संभव नहीं है। सीट बंटवारे पर सहयोगी दलों के साथ पेच न फंसे और गतिरोध पैदा न हो, इसलिए सीट बंटवारे पर अंतिम फैसला भाजपा का शीर्ष कमान करेगा। सूत्रों का कहना है कि एनडीए के सहयोगी दल चुनाव एक साथ लड़ने पर सहमत हैं। यानी सीट बंटवारे पर खींचतान चलेगी लेकिन इसे गठबंधन में फूट या टूट के स्तर तक नहीं जाने दिया जाएगा।

सम्मानजनक सीटें चाहते हैं सहयोगी दल

NDA के चार सहयोगियों में से सभी क्षेत्रीय दल हैं। इनमें से दो (सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी यानी SBSP और राष्ट्रीय लोक दल यानी RLD) पिछले विधानसभा चुनावों में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में थे। न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक राजनीतिक विश्लेषक प्रोफेसर एके मिश्रा कहते हैं, 'इस बार बीजेपी के सामने चुनौती यह है कि वह चारों सहयोगी दलों की उम्मीदों और राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं के मुताबिक उन्हें सम्मानजनक संख्या में सीटें दे।' उनका कहना है कि सीटों का बंटवारा करते समय सत्तारूढ़ पार्टी को सहयोगी दलों की क्षेत्रीय प्रासंगिकता को भी ध्यान में रखना होगा।

RLD ने पश्चिमी यूपी की 33 सीटों पर चुनाव लड़ा था

गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में RLD ने पश्चिमी यूपी की 33 सीटों पर चुनाव लड़ा था और इनमें से आठ सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं, SBSP ने पूर्वांचल की 19 सीटों पर चुनाव लड़ा था और छह सीटें जीती थीं। SBSP ने समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर कम से कम पांच जिलों-आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, अंबेडकरनगर और कौशांबी में बीजेपी को बड़ा झटका दिया था। इन जिलों में बीजेपी अपना खाता तक नहीं खोल पाई थी। इन इलाकों में राजभर समुदाय के बीच SBSP का खासा प्रभाव है, जो चुनावी नतीजों को प्रभावित करने की क्षमता रखता है। पश्चिमी यूपी में बीजेपी शामली जिले में भी एक भी सीट नहीं जीत पाई थी।

cm yogi

cm yogi

SBSP ने 42 सीटों की बड़ी मांग रखी है

पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने 403 में से 376 सीटों पर चुनाव लड़ा था और अपने सहयोगियों के लिए 27 सीटें छोड़ी थीं। हालांकि, इस बार पार्टी सहयोगी दलों के लिए 60 से 80 सीटें छोड़ने की तैयारी में है। संबंधित सहयोगी दलों के सूत्रों के मुताबिक, RLD इस बार 25 से 35 सीटों पर चुनाव लड़ने की उम्मीद कर रही है। वहीं, SBSP ने 42 सीटों की बड़ी मांग रखी है। इसी तरह, संजय निषाद की निषाद पार्टी 15 से कुछ अधिक सीटें मांग रही है। 2022 के चुनाव में उनकी पार्टी ने 15 सीटों पर चुनाव लड़ा था। संजय निषाद उन सीटों की भी मांग कर रहे हैं, जहां बीजेपी अब तक जीत हासिल नहीं कर पाई है।

अपना दल (एस) चाहती है 52 सीटें

वहीं, अनुप्रिया पटेल की अपना दल (एस) ने भी अपनी मांग बढ़ाकर 52 सीटें कर दी है, जबकि 2022 में उसने 17 सीटों पर चुनाव लड़ा था। पिछले विधानसभा चुनाव में अपना दल (एस) ने 19 में से 12 सीटों पर जीत दर्ज की थी। सहयोगी दलों की महत्वाकांक्षाओं और एक-दूसरे से प्रतिस्पर्धा करती मांगों को देखते हुए बीजेपी ने बातचीत की जिम्मेदारी प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व को सौंपी है। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और दोनों उपमुख्यमंत्री-केशव प्रसाद मौर्य तथा ब्रजेश पाठक शामिल हैं। इन्हें क्रमशः RLD, निषाद पार्टी, SBSP और अपना दल (एस) के साथ बातचीत की जिम्मेदारी दी गई है।

अपना दल-एस का स्ट्राइक रेट 60 फीसदी था

बीजेपी के पुराने सहयोगी दलों के पास सीट बंटवारे की बातचीत के दौरान अपने पिछले चुनावी प्रदर्शन का आधार भी है। 2022 में अपना दल (एस) ने 17 सीटों पर चुनाव लड़कर 12 सीटें जीती थीं। इस लिहाज से उसका सफलता प्रतिशत करीब 70 फीसदी रहा था। वहीं, निषाद पार्टी ने 10 सीटों पर चुनाव लड़कर छह सीटें जीती थीं और उसका स्ट्राइक रेट 60 फीसदी रहा था। इसके अलावा, निषाद पार्टी के छह उम्मीदवार बीजेपी के चुनाव चिह्न पर भी मैदान में उतरे थे, जिनमें से पांच ने जीत हासिल की थी। दूसरी ओर, 2022 में समाजवादी पार्टी के साथ चुनाव लड़ने वाली RLD का सफलता प्रतिशत करीब 24 फीसदी रहा था। उसने 33 सीटों पर चुनाव लड़कर आठ सीटें जीती थीं। SBSP ने 19 सीटों पर चुनाव लड़कर छह सीटें हासिल की थीं और उसका स्ट्राइक रेट करीब 31 फीसदी रहा था।

दावे एक-दूसरे से टकरा रहे

बीजेपी के सहयोगी दलों की ओर से रखी जा रही इन बड़ी मांगों की एक वजह 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी का प्रदर्शन भी माना जा रहा है। लोकसभा चुनाव में बीजेपी की सीटें 62 से घटकर 33 रह गई थीं। इसके अलावा, जातीय समीकरण भी एक अहम वजह है, जिसके आधार पर सहयोगी दल ज्यादा सीटों पर अपना दावा पेश कर रहे हैं। तीन सहयोगी दलों-SBSP, निषाद पार्टी और अपना दल (एस)—का मुख्य प्रभाव पूर्वी उत्तर प्रदेश में है। यही वजह है कि सीटों को लेकर उनके दावे एक-दूसरे से टकरा रहे हैं। उदाहरण के तौर पर, आजमगढ़ की अतरौलिया सीट पर SBSP और निषाद पार्टी दोनों ने अपना दावा ठोक दिया है। इस सीट को लेकर दोनों दलों के बीच मतभेद अब खुलकर सामने आ गए हैं।

bjp flag

bjp flag

कई जिलों में है निषाद पार्टी का प्रभाव

अपना दल (एस) का चुनावी आधार मुख्य रूप से पूर्वी उत्तर प्रदेश में है। खासकर विंध्य क्षेत्र और मिर्जापुर के अलावा रोहिलखंड के कुछ इलाकों में भी उसका प्रभाव है। पार्टी को मुख्य रूप से कुर्मी और अन्य ओबीसी समुदायों का समर्थन हासिल है। 2016 में संजय निषाद द्वारा स्थापित निषाद पार्टी नदी और मछली पकड़ने से जुड़े ओबीसी समुदायों को एकजुट करने की कोशिश करती है। इनमें निषाद, केवट, बिंद, बेलदार, मल्लाह, साहनी, कश्यप और गोंड समुदाय शामिल हैं। इन समुदायों के बीच पार्टी का प्रभाव गोरखपुर मंडल, मिर्जापुर, भदोही और मध्य यूपी के कुछ हिस्सों में है।

चिराग पासवान भी दिखा रहे दावेदारी

ओम प्रकाश राजभर की SBSP को मुख्य रूप से राजभर समुदाय और पूर्वी यूपी के अन्य गैर-यादव ओबीसी समूहों का समर्थन मिलता है। गाजीपुर, मऊ, बलिया, आजमगढ़, मछलीशहर, वाराणसी, अंबेडकरनगर और जौनपुर जैसे जिलों में पार्टी का प्रभाव है। यहां राजभर समुदाय की आबादी राज्य के कुल मतदाताओं का करीब 4 फीसदी मानी जाती है। प्रोफेसर मिश्रा कहते हैं, 'बीजेपी के सामने असली चुनौती ऐसे तीन क्षेत्रीय दलों को संतुष्ट करने की है, जिनका प्रभाव क्षेत्र एक-दूसरे से टकराता है और जिनकी चुनावी महत्वाकांक्षाएं भी अलग-अलग हैं। इन तीनों का प्रभाव एक ही भौगोलिक क्षेत्र में है।' इसके अलावा, NDA को एक और सहयोगी दल चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से भी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। पार्टी भी सीट बंटवारे को लेकर अपनी राजनीतिक ताकत और दावेदारी दिखा रही है।

End of Article