How to earn respect at workplace: हर वर्किंग प्रोफेशनल चाहता है कि ऑफिस में उसकी बात सुनी जाए। लोग उसके काम की कद्र करें। उसके साथ सम्मान से पेश आएं। हालांकि सम्मान पद या अनुभव से नहीं मिलता। यह आपके व्यवहार, काम करने के तरीके और दूसरों के साथ रिश्तों से भी बनता है। एक्सपर्ट्स मानते हैं कि वर्कप्लेस पर सम्मान एक दिन में नहीं मिलता। यह छोटी-छोटी आदतों से धीरे-धीरे बनता है। आइए जानते हैं वे पांच तरीके, जो आपको ऑफिस में सम्मान दिलाने में मदद कर सकते हैं:
अपनी बात साफ और आत्मविश्वास से रखें
कई लोग अच्छे आइडिया होने के बावजूद उन्हें रखने से हिचकते हैं। वहीं कुछ लोग जरूरत से ज्यादा बोलते हैं। दोनों ही स्थितियां सही नहीं हैं। हार्वर्ड बिजनेस स्कूल की प्रोफेसर एमी एडमंडसन कहती हैं कि वर्कप्लेस पर अपनी बात सम्मानपूर्वक और स्पष्ट तरीके से रखना जरूरी है। जब आप तथ्यों के साथ अपनी बात रखते हैं, तो लोग आपकी राय को गंभीरता से लेते हैं।
समय का सम्मान करें
समय पर पहुंचना, तय समय में काम पूरा करना और दूसरों का समय बर्बाद न करना आपकी पेशेवर छवि मजबूत करता है। लीडरशिप एक्सपर्ट स्टीफन कोवे ने अपनी किताब The 7 Habits of Highly Effective People में भरोसे और जिम्मेदारी को सफल रिश्तों की नींव बताया है। समय की पाबंदी भी उसी भरोसे का हिस्सा है।
हर बात पर 'हां' कहना बंद करें
कई लोग सभी को खुश रखने की कोशिश में हर काम के लिए तैयार हो जाते हैं। धीरे-धीरे लोग इसे उनकी उपलब्धता नहीं, मजबूरी समझने लगते हैं। ऐसे में जरूरत पड़ने पर विनम्रता से 'ना' कहना भी एक प्रोफेशनल स्किल है। इससे यह संदेश जाता है कि आप अपनी प्राथमिकताओं को समझते हैं और अपने काम के प्रति गंभीर हैं।
दूसरों का सम्मान करें, तभी सम्मान मिलेगा
सम्मान एकतरफा नहीं होता। जिस तरह आप अपने सहयोगियों, जूनियर्स और सपोर्ट स्टाफ के साथ व्यवहार करते हैं, वही आपकी पहचान बनाता है। लीडरशिप एक्सपर्ट्स का मानना है कि जो लोग केवल वरिष्ठ अधिकारियों के सामने विनम्र होते हैं, उनकी छवि लंबे समय तक अच्छी नहीं रहती। अच्छा प्रोफेशनल वही है, जो हर सहकर्मी के साथ समान सम्मान से पेश आए।
अपने काम को खुद बोलने दें
ऑफिस में अपनी उपलब्धियों का जरूरत से ज्यादा प्रचार करने के बजाय ऐसा काम करें, जिसकी चर्चा दूसरे लोग करें। मशहूर मैनेजमेंट विशेषज्ञ पीटर ड्रकर का मानना था कि प्रभावी प्रोफेशनल वही है, जो परिणामों से अपनी पहचान बनाता है। लगातार अच्छा प्रदर्शन किसी भी पद या परिचय से ज्यादा मजबूत पहचान बनाता है।
सम्मान कमाया जाता है, मांगा नहीं जाता
वर्कप्लेस पर सम्मान पाने का कोई शॉर्टकट नहीं है। यह रोज के हमारे व्यवहार, भरोसे, ईमानदारी और पेशेवर रवैये से बनता है। लोग केवल आपकी योग्यता ही नहीं देखते। वो यह भी देखते हैं कि दबाव की स्थिति में आप कैसा व्यवहार करते हैं, मतभेदों को कैसे संभालते हैं और टीम के साथ कैसे काम करते हैं।
