Hair Care in Winter: मौसम में नमी की कमी के कारण सर्दियों में बाल काफी ज्यादा बेजान जाते हैं। इसके साथ ही इस सीजन में प्रदूषण का स्तर भी काफी ज्यादा बढ़ जाता है। ऐसे में बालों से जुड़ी कई तरह की परेशानी होती है। हम में से कई लोगों को सर्दियों में टूटते, बेजान और ड्राई बालों की परेशानी से जूझना पड़ता है। इस तरह की परेशानी को कम करने के लिए आप घरेलू नुस्खों का सहारा ले सकते हैं। आज हम आपको इस लेख में सर्दियों में झड़ते और बेजान बालों की परेशानी को दूर करने का नुस्खा बताएंगे। आइए जानते हैं इन नुस्खों के बारे में-
सर्दियों में झड़ते बालों की परेशानी कैसे करें दूर?
सर्दियों में झड़ते और बेजान बालों की परेशानी को दूर करने के लिए आप कई तरह के नुस्खों का सहारा ले सकते हैं। आइए जानते हैं इन नुस्खों के बारे में-
ग्रीन टी का करें इस्तेमाल
ग्रीन टी पीने के बाद इसके बैग को फेंकने के बजाय अपने बालों पर इस्तेमाल करें। यह झड़ते बालों की परेशानी को दूर कर सकता है। ग्रीन टी में मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट्स आपके बालों की ग्रोथ को बेहतर कर सकते हैं। साथ ही बालों को झड़ने से रोक सकते हैं। ग्रीन टी बैग्स (Green Tea Bags) का इस्तेमाल करने के लिए यूज किए गए ग्रीन टी को 1 कप पानी में भिगोकर रखें। इसके बाद इस पानी से अपने बालों को धो लें। इससे बालों की ग्रोथ अच्छी होगी।
नारियल का दूध है फायदेमंद
सर्दियों में बेजान बालों की समस्या को दूर करने के लिए नारियल के दूध का इस्तेमाल कर सकते हैं। नारियल के दूध में पौटेशियम, एसेंशियल फैट्स और आयरन होता है, जो आपके बालों को बेजान होने से रोक सकता है। इसका प्रयोग करने के लिए 1 कप नारियल का दूध लें। अब इस दूध में नींबू का रस निचोड़ लें। इसके बाद इसे अपने बालों में एप्लाई करें। इससे बालों की परेशानी दूर हो सकती है।
प्याज का तेल है असरदार
बालों के लिए प्याज का तेल भी फायदेमंद हो सकता है। यह झड़ते बालों की समस्या को दूर कर सकता है। इसके लिए प्याज को अच्छी तरह से घिस लें। इसके बाद इसे एक कप नारियल के तेल में डालकर गर्म करें। अब इस तेल को अपने बालों में लगाएं। इससे सर्दियों में होने वाली बालों की समस्या दूर हो सकती है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता।
