लाइफस्टाइल

महाशिवरात्रि स्पेशल ठंडाई घर पर कैसे बनाएं? फटाफट नोट कर लें ठंडाई बनाने का आसान तरीका

Mahashivratri Special Thandai Recipe: महाशिवरात्रि के दिन ठंडाई न बने , ये तो हो नहीं सकता। भोलेबाबा के भक्त इस दिन बाबा को ठंडाई भी चढ़ाते हैं। अगर आपको ठंडाई बनानी नहीं आती है, तो आप यहां से इसकी रेसिपी देखकर सीख सकते हैं।

Image

महाशिवरात्रि 2026 स्पेशल ठंडाई कैसे बनाएं (pc: canva)

Mahashivratri Special Thandai Recipe: साल 2026 में 15 फरवरी को महाशिवरात्रि का त्योहार मनाया जाएगा। ये दिन भोलेबाबा के भक्तों के लिए बेहद खास है। इस दिन भक्त बाबा को खुश करने के लिए हर कोशिश करते हैं। इसी में से एक कोशिश है, ठंडाई का भोग लगाना। महाशिवरात्रि के दिन महादेव को ठंडाई चढ़ाई जाती है। वैसे तो मार्केट से खरीदकर भी इसे चढ़ाया जा सकता है लेकिन बाबा के भक्त हैं तो क्यों न घर पर शुद्ध तरीके से इसे बनाएं। महाशिवरात्रि के दिन ठंडाई बनानी है तो आप यहां दी गई रेसिपी को फॉलो कर सकते हैं। यहां ठंडाई की काफी आसान रेसिपी दी गई है।

ठंडाई बनाने की सामग्री-

  • दूध- दो गिलास
  • चीनी- दो चम्‍मच
  • खसखस- आधा चम्‍मच
  • काली मिर्च- 3 से 4
  • सूखे गुलाब की पंखुड़ियां- दो चम्‍मच
  • केसर- चार धागे
  • सौंफ- आध चम्‍मच
  • काजू- दो चम्‍मच
  • पिस्ता- दो चम्‍मच
  • बादाम- दो चम्‍मच
  • हरी इलायची- दो
  • भांग - ऑप्शनल

ठंडाई बनाने की विधि-

महाशिवरात्रि की ठंडाई बनाने के लिए सबसे पहले बादाम को गर्म पानी में भिगोकर 10-15 मिनट के लिए साइड में रख दें। इसके बाद काजू, पिस्ता, खसखस और सौंफ को 10 मिनट के लिए पानी में भिगोकर रखें। अब, भीगे हुए बादाम का छिलका उतारें और इन्हें बाकी सामग्री को मिक्सी में बारीक पीस लें। पेस्ट बनाने के लिए पानी की बजाय दूध का इस्तेमाल करें। अब, केसर को 2 चम्मच दूध में भिगोकर अलग रख लें। उधर इलायची, काली मिर्च और गुलाब की पंखुड़ियों को भी अच्छे से पीसकर बारीक पाउडर बना लें। फिर एक पैन में दूध उबालें और उसमें चीनी डालकर अच्छे से घोल लें। जब चीनी मिल जाए, तो उसमें केसर वाला दूध डालें और 2-3 मिनट तक उबालने दें। उबालने के बाद, पीसी हुई सभी सामग्री को दूध में डालकर अच्छे से मिला लें। दूध को धीमी आंच पर लगातार हिलाते रहें जिससे सभी सामग्री अच्छी तरह से मिल जाए। जब दूध अच्छी तरह से मिल जाए, तो आंच बंद करें और ठंडाई को ठंडा होने दें। ठंडाई तैयार है।

महाशिवरात्रि की ठंडाई बनाते हुए रखें इन बातों का ध्यान-

महाशिवरात्रि की ठंडाई में दूध हमेशा ताजा और अच्छी तरह उबला हुआ लें। बादाम, काजू, खरबूज के बीज, सौंफ, खसखस आदि साफ हों और उसमें कीड़े न हों। इतना ही नहीं, अगर आप ठंडाई में भांग मिलाते हैं तो भांग को भी पहले अच्छी तरह धो लें, फिर छानकर और पीसकर ही इस्तेमाल करें। ठंडाई में कभी भी भांग ज्यादा नहीं डालें। इससे स्वास्थ्य खराब हो सकता है। ध्यान देकर हमेशा ही डायबिटीज वालों के लिए अलग से बिना चीनी की ठंडाई बनाएं। ठंडाई को ज़्यादा देर बाहर न रखें। इसे हमेशा फ्रीज में ही रखें और 24 घंटे के अंदर पी लें।

Srishti
सृष्टिauthor

सृष्टि टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की फीचर डेस्क से जुड़ी कंटेंट राइटर हैं, जो मुख्य रूप से धर्म और लाइफस्टाइल सेक्शन के लिए लिखती हैं। सृष्टि को आध्यात्म, भारतीय संस्कृति और साहित्य में गहरी रुचि है। यही वजह है कि उनके लेखों में परंपरा, आस्था और जीवनशैली की सहज समझ खूबसूरती से दिखाई देती है। वह धार्मिक कथाओं, ग्रंथों से जुड़े विषयों, आध्यात्मिक ट्रेंड्स और समकालीन जीवनशैली पर 5,000 से अधिक लेख लिख चुकी हैं। मॉडर्न लाइफस्टाइल और पारंपरिक मूल्यों के बीच संतुलन बनाते हुए वह ऐसे कंटेंट गढ़ती हैं, जो प्रेरक होने के साथ-साथ जानकारीपूर्ण भी होता है।

और पढ़ें
End of Article