Fasting Health Benefits In Hindi: आज की भागदौड़ और आरामदायक जीवनशैली ने पेट से जुड़ी समस्याओं को आम बना दिया है। गैस, एसिडिटी, अपच और भारीपन जैसी परेशानियां हर उम्र के लोगों में दिख रही हैं। अक्सर हम इन समस्याओं के लिए दवाओं पर निर्भर हो जाते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक प्राकृतिक तरीका ऐसा भी है जो शरीर को अंदर से साफ करता है? उपवास को अक्सर सजा समझा जाता है, जबकि यह असल में शरीर के लिए दवा की तरह काम करता है।
पेट सेहत का आधार क्यों है
पेट को शरीर का इंजन माना जाता है। अगर पाचन तंत्र सही ढंग से काम करे तो शरीर खुद ही कई बीमारियों से लड़ने लगता है। लेकिन गलत खानपान और अनियमित दिनचर्या के कारण पेट कमजोर हो जाता है, जिससे कई छोटी-बड़ी बीमारियां जन्म ले लेती हैं।
उपवास को न समझें सजा
उपवास का मतलब सिर्फ भूखा रहना नहीं है। यह शरीर को आराम देने और अंदर से साफ करने की प्रक्रिया है। दवाएं कुछ समय के लिए राहत दे सकती हैं, लेकिन उपवास पाचन तंत्र की गहराई से सफाई करता है और शरीर को खुद को रिपेयर करने का मौका देता है, जो कोई दवा नहीं कर पाती।
उपवास कैसे करें
शुरुआत में 15 दिन में एक बार उपवास करना सही रहता है। एकादशी जैसे दिन इसके लिए उपयुक्त होते हैं। उपवास के दौरान फलाहार लिया जा सकता है, लेकिन सिर्फ उतना ही खाएं जिससे ऊर्जा बनी रहे। नारियल पानी, शहद मिला पानी और सादा पानी शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालने में मदद करता है।
क्या उपवास से कमजोरी आती है
अक्सर लोगों को लगता है कि उपवास रखने से कमजोरी हो जाएगी, लेकिन यह सिर्फ मानसिक भ्रम है। शरीर को पूरी ऊर्जा सिर्फ भोजन से नहीं मिलती। पानी, हवा और पर्याप्त आराम भी ऊर्जा के बड़े स्रोत हैं, इसलिए सही तरीके से किया गया उपवास कमजोरी नहीं लाता।
नई कोशिकाएं बनाने में मददगार
जापान के वैज्ञानिकों के शोध के अनुसार उपवास से शरीर पुरानी और खराब कोशिकाओं को हटाकर नई स्वस्थ कोशिकाएं बनाता है। इस प्रक्रिया को ऑटोफैगी कहा जाता है। यही कारण है कि उपवास न सिर्फ पाचन बल्कि संपूर्ण सेहत के लिए फायदेमंद माना जाता है।
Inputs: IANS
