Soya Pakoda Recipe: बारिश की हल्की-हल्की फुहार में गरमा-गरम पकोड़े मौसम का मजा दोगुना कर देते हैं। वैसे तो आलू या फिर प्याज के पकोड़े इस मौसम में आपने कई बार ट्राई किए होंगे लेकिन, इस बार आप बारिश में सोया पकोड़े का मजा ले सकते हैं। सोया पकोड़े स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी काफी अच्छे माने जाते हैं। सोया पकोड़े सोया चंक्स के बने होते हैं जिनसे अच्छी मात्रा में आपको प्रोटीन (protein rich snacks) भी मिल जाता है। ऐसे में अगर आप बारिश के मौसम में कोई झटपट स्नैक बनाना चाहते हैं तो ये रेसिपी आपके लिए एकदम परफेक्ट है।
सोया पकोड़ा बनाने के लिए जरूरी सामग्री
सोया चंक्स, बेसन, थोड़ा सा चावल का आटा, दही, प्याज, हरी मिर्च, हरा धनिया, अदरक-लहसुन का पेस्ट और स्वाद के हिसाब से मसाले (नमक, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, गरम मसाला और थोड़ा सा चाट मसाला) कुछ जरूरी सामग्री हैं जो आपके पास होनी चाहिए।
सोया चंक्स को तैयार करने का तरीका
एक बर्तन में करीब 2 कप पानी गर्म करें। इसमें आधा चम्मच नमक डालकर पानी को उबालें और जब पानी अच्छी तरह गर्म हो जाए तो इसमें सोया चंक्स डाल दें (गैस बंद कर दें)। अब बर्तन को ढककर 5 से 10 मिनट के लिए छोड़ दें। इससे सोया चंक्स अच्छी तरह फूल जाएंगे और नरम हो जाएंगे। इसके बाद सोया चंक्स को बाहर निकालकर ठंडे पानी से अच्छी तरह धो लें। अब इन्हें हाथों से दबाकर सारा पानी निकाल दें। सोया चंक्स को मिक्सर में हल्का सा ग्राइंड कर दें ताकि इनका टेक्सचर थोड़ा दरदरा हो जाए।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बरसात में बच्चों का रेनकोट और स्कूल बैग भी बन सकते हैं बैक्टीरिया का घर, ऐसे बना सकते हैं बीमार
पकोड़े का मिश्रण कैसे तैयार करें
बड़े भगोने में बेसन और चावल का आटा लें। इसमें दही डालें और फिर सभी मसाले मिला दें। इसके साथ अदरक-लहसुन का पेस्ट, बारीक कटी हरी मिर्च, प्याज और हरा धनिया भी डालें। अब इस पूरे मिश्रण को अच्छे से मिला लें। इसके बाद इसमें तैयार किए हुए सोया चंक्स डालें और हाथों से अच्छी तरह मिलाएं। ध्यान रखें कि मिश्रण ज्यादा पतला नहीं होना चाहिए। इसे 5 से 10 मिनट के लिए रख दें, ताकि सारे मसाले अच्छी तरह सोख जाएं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: क्या मलेरिया सिर्फ गांवों की बीमारी है, शहरों में भी कैसे तेजी से बढ़ रहा खतरा, डॉक्टर से जानिए
सोया पकोड़े तलने का तरीका
अब एक कढ़ाई में धीमी आंच में तेल गर्म करें। जब तेल मध्यम गर्म हो जाए तो हाथ से छोटे-छोटे पकोड़े बनाकर तेल में डालें। पकोड़ों को मध्यम आंच पर धीरे-धीरे तलें और बीच-बीच में पलटते रहें। जब इनका रंग सुनहरा भूरा हो जाए और ये बाहर से कुरकुरे दिखने लगें, तो इन्हें तेल से निकाल लें। गरमा-गरम सोया पकोड़ों को हरी धनिया-पुदीने की चटनी, मीठी चटनी या टोमैटो केचप के साथ सर्व करें।
