Roti For Winter: सर्दियों का मौसम अपने साथ स्वादिष्ट और सेहतभरी चीजों की भरमार लेकर आता है। इस मौसम में सिर्फ पकवान ही नहीं, बल्कि रोजाना खाई जाने वाली रोटी भी अगर कुछ खास अनाज से बनी हो, तो सेहत को दोगुना फायदा मिल सकता है। ठंड में गेहूं के आटे की जगह कुछ अन्य अनाजों से बनी रोटियां शरीर को अंदर से गर्म रखने और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मददगार साबित होती हैं। ऐसे में अगर आप भी इन सर्दियों में कुछ स्वादिष्ट और सेहतमंद खाना चाहते हैं, तो ऐसे में ये खास 3 तरह की रोटियां बनाकर एन्जॉय कर सकते हैं।
बाजरे की रोटी
बाजरा, जिसे 'मिलेट्स का राजा' भी कहा जाता है, सर्दियों का सबसे उपयुक्त अनाज माना जाता है। इसकी तासीर गर्म होती है और ठंड के दिनों में ये शरीर को अंदर गर्मी प्रदान करता है।
कैसे बनाएं बाजरा की रोटी
बाजरे के आटे को गर्म पानी से गूंथें और थोड़ा नमक मिलाएं। आटा थोड़ा सख्त होता है, इसलिए इसे हथेली से दबाकर बेलें या फिर पानी में हाथ डुबोकर रोटी सेंकें। इसे देसी घी या तिल के तेल के साथ गर्मागर्म सर्व करें।
मक्के की रोटी
हरियाणा-पंजाब में खूब चाव से मक्के की रोटी खाई जाती है। इस रोटी को खासतौर से सरसों के साग के साथ खाया जाता है। जो स्वाद में बहुत ही शानदार लगती है। मक्का भी शरीर को गर्म रखने वाला अनाज है और इससे बनी रोटी न सिर्फ स्वादिष्ट लगती है, बल्कि पोषक तत्वों से भी भरपूर होती है।
कैसे बनाएं मक्की की रोटी
मक्के के आटे में गर्म पानी, नमक मिलाकर अच्छी तरह गूंथ लें। आटा बिल्कुल मुलायम नहीं बनेगा। इसे हाथ से दबाकर बेलें और तवे पर अच्छी तरह सेंक लें। इसे मक्खन या गुड़ के साथ खाने का अपना अलग ही मजा है।
रागी की रोटी
रागी एक सुपरफूड है। यह कैल्शियम का बेहतरीन स्रोत है और सर्दियों में इससे बनी रोटी खाने से शरीर को कई तरह के लाभ मिलते हैं।
कैसे बनाएं रागी की रोटी
रागी का आटा थोड़ा चिपचिपा हो सकता है। इसे बेलने में आसानी के लिए आधा रागी का आटा और आधा गेहूं या ज्वार का आटा मिलाकर भी प्रयोग किया जा सकता है। गुनगुने पानी से आटा गूंथें और सामान्य रोटी की तरह बेलकर सेंक लें।
