Blind Pimple: चेहरे की खूबसूरती बिगाड़ते हैं ब्लाइंड पिंपल, दूर करने के लिए अपनाएं घरेलू उपाय

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 17, 2022, 06:35 AM IST

Blind Pimple: आपने नॉर्मल पिंपल के बारे में तो सुना होगा, लेकिन क्या आपने ब्लाइंड पिंपल के बारे में सुना है। दरअसल, ये पिंपल त्वचा की निचली परत पर निकलते हैं। इन्हें दूर करने के लिए कुछ घरेलू उपायों को किया जा सकता है। 

Blind Pimple: चेहरे की खूबसूरती बिगाड़ते हैं ब्लाइंड पिंपल, दूर करने के लिए अपनाएं घरेलू उपाय

Blind Pimple: चेहरे पर अक्सर धूल-मिट्टी और प्रदूषण की वजह से पिंपल्स की समस्या हो जाती है। इन पिंपल्स की समस्या को भी अलग-अलग नामों से जाना जाता है, इन्हीं में से एक होते हैं ब्लाइंड पिंपल। ब्लाइंड पिंपल, वह पिंपल होता है, जो त्वचा की निचली परत में होते हैं। यह दूर से नहीं देखा जा सकता है, लेकिन अगर आप अपनी उंगली को त्वचा पर फेरते हो, तो आपको ये महसूस होता है। इस पिंपल का ऐसा हेड नहीं होता है, जो बाकी पिंपल्स में होता है। यह आम तौर पर व्हाइट हेड या ब्लैक हेड के नीचे देखने को मिलता है। हालांकि, कुछ घरेलू उपायों के जरिए इस समस्या को दूर किया जा सकता है। तो चलिए जानते हैं इन उपायों के बारे में-

ब्लाइंड पिंपल को दूर करने के लिए अपनाएं ये उपाय

इसको कभी दबाएं नहीं

अक्सर ये लोगों की आदत होती है कि पिंपल्स होने पर इनको बार-बार दबाते हैं, जो नहीं करना चाहिए। दरअसल, ऐसा करने से चेहरे पर परमानेंट निशान हो सकते हैं और आपके इस पिंपल में दर्द भी महसूस हो सकता है। इसके अलावा इससे इंफेक्शन भी हो सकता है। 

गर्म पानी से सिकाई करें

पिंपल को दूर करने के लिए गर्म पानी की सिकाई भी बहुत फायदेमंद होती है। इसके लिए एक बर्तन में गुनगुना पानी लें। ये पानी ज्यादा गर्म नहीं होना चाहिए। फिर इसमें एक कपड़े को डुबोकर भिगोएं और अच्छे से निचोड़कर पिंपल पर रख लें। फिर 10-15 मिनट तक इस पिंपल की सिकाई करें। इससे आपको बहुत जल्द आराम मिलेगा।  

टी ट्री ऑयल का प्रयोग करें

ब्लाइंड पिंपल को दूर करने के लिए टी ट्री ऑयल का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। दरअसल, इसमें एंटी बैक्टीरियल गुण होते हैं, जो पिंपल के बैक्टीरिया को खत्म करने में मददगार होते हैं।

इसका प्रयोग करने के लिए इसे किसी फेशियल ऑयल में मिला कर त्वचा पर लगाएं। दिन में दो बार आप इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। बहुत जल्दी फायदा मिलेगा।
 

(डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता है।)

End of Article