लाइफस्टाइल

बिना चीनी, बिना फूड कलर के ऐसे बनते हैं Aam Papad, न चिपकेंगे और ना ही टूटेंगे, स्वाद तो सालों तक रहेगा याद

Aam Papad Recipe: बाजार के मिलावटी आम पापड़ को छोड़कर आप घर पर ही कुछ आसान स्टेप्स से शुद्ध और स्वादिष्ट आम पापड़ बना सकते हैं। यह एक ऐसा स्नैक है जिसे आप यात्रा में, बच्चों के टिफिन में या खुद खाने के लिए कभी भी रख सकते हैं। तो इस बार गर्मी में, आमों से घर पर हेल्दी आम पापड़ जरूर बनाएं।

Image

aam papad recipe in hindi

Aam Papad Recipe: गर्मियों का मौसम आते ही बाजार आमों से भर जाता है। पके हुए मीठे आम सिर्फ खाने में स्वादिष्ट नहीं होते, बल्कि उनसे कई स्वादिष्ट व्यंजन भी बनते हैं। उन्हीं में से एक है आम पापड़। यह बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को बहुत पसंद आता है। लेकिन बाजार में मिलने वाले आम पापड़ में अक्सर ज्यादा चीनी, फूड कलर और प्रिज़र्वेटिव्स मिलाए जाते हैं, जो आपकी हेल्थ के लिए बिल्कुल भी अच्छे नहीं होते हैं। तो आइए यहां जानते हैं कि घर पर ही बिना चीनी और रंग के, सिर्फ 2 चीजों से स्वादिष्ट और सेहतमंद आम पापड़ कैसे बना सकते हैं-

आम पापड़ बनाने की सामग्री-

पके हुए मीठे आम

एक चुटकी सेंधा नमक

अगर आम बहुत मीठे हों तो किसी भी तरह की मिठास या गुड़ डालने की जरूरत नहीं होती।

आम पापड़ बनाने की विधि-

आम पापड़ बनाने के लिए सबसे पहले पके हुए आमों को छीलकर उनका गूदा एक बर्तन में निकाल लें। बीज और रेशे हटा दें। अब गूदे को मिक्सी में डालकर अच्छी तरह ब्लेंड करें ताकि एक स्मूद प्यूरी तैयार हो जाए। इसमें एक चुटकी सेंधा नमक मिलाया जा सकता है ताकि स्वाद और अधिक उभरे। अगर मिश्रण पतला है, तो इसे धीमी आंच पर एक नॉनस्टिक कड़ाही में 5–7 मिनट तक हल्का-सा पकाएं। इससे यह थोड़ा गाढ़ा हो जाएगा और सुखाने में आसानी होगी। अब एक बड़ी थाली या ट्रे लें और उसमें घी या नारियल तेल की हल्की परत लगाएं ताकि आम पापड़ चिपके नहीं। अब आम की प्यूरी को समान रूप से फैला दें। परत ज़्यादा मोटी न हो, वर्ना सूखने में वक्त लगेगा। थाली को तेज धूप में 2–3 दिनों तक रखें जब तक पापड़ पूरी तरह सूखकर ऊपर से चमकदार और हल्का सा खिंचने लायक न हो जाए। 60°C पर ओवन में 4–5 घंटे तक बेक करें। बीच-बीच में चेक करते रहें। जब आम पापड़ सूख जाए और चिपचिपा न लगे, तो इसे चाकू से चौकोर या लंबी स्ट्रिप्स में काट लें। इसे टाइट डिब्बे में स्टोर करें।

Srishti
सृष्टिauthor

सृष्टि टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की फीचर डेस्क से जुड़ी कंटेंट राइटर हैं, जो मुख्य रूप से धर्म और लाइफस्टाइल सेक्शन के लिए लिखती हैं। सृष्टि को आध्यात्म, भारतीय संस्कृति और साहित्य में गहरी रुचि है। यही वजह है कि उनके लेखों में परंपरा, आस्था और जीवनशैली की सहज समझ खूबसूरती से दिखाई देती है। वह धार्मिक कथाओं, ग्रंथों से जुड़े विषयों, आध्यात्मिक ट्रेंड्स और समकालीन जीवनशैली पर 5,000 से अधिक लेख लिख चुकी हैं। मॉडर्न लाइफस्टाइल और पारंपरिक मूल्यों के बीच संतुलन बनाते हुए वह ऐसे कंटेंट गढ़ती हैं, जो प्रेरक होने के साथ-साथ जानकारीपूर्ण भी होता है।

और पढ़ें
End of Article