Kanpur Murder: सौतेले रिश्‍ते ने फिर दिया धोखा, फंदे पर लटका मिला 12 साल का बच्चा, सौतेली मां गिरफ्तार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 7, 2022, 08:30 PM IST

Kanpur Murder: कानपुर में एक बार फिर से सौतेला रिश्‍ता तार-तार होने का आरोप लगा है। शहर के हनुमंत विहार के खाड़ेपुर में 12 वर्षीय एक बच्चे का शव घर के पहली मंजिल पर रोशनदान पर फंदे से लटका मिला। जिसके बाद घर वालों ने हत्‍या का आरोप सौतेली मां पर लगाया। पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ में जुटी है।

Kanpur Murder: सौतेले रिश्‍ते ने फिर दिया धोखा, फंदे पर लटका मिला 12 साल का बच्चा, सौतेली मां गिरफ्तार
Photo Credit: Representative Image

Kanpur Murder: कानपुर में सौतेला रिश्‍ता तार-तार होने का आरोप लगा है। शहर के हनुमंत विहार के खाड़ेपुर में 12 वर्षीय एक बच्चे का शव घर के पहली मंजिल पर रोशनदान पर फंदे से लटका मिला। बच्‍चे की सौतेली मां चीखते हुए नीचे आई और घटना की जानकारी घर के अन्‍य सदस्‍यों को दी। जिसके बाद लोगों ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम में पुलिस को दी। शव को फंदे से उतारते समय बच्चे के पैर में चोट के निशान देखकर चाचा ने इसे हत्‍या बताते हुए बच्चे की सौतेली मां पर हत्या का आरोप लगाया। एक मां पर हत्‍या का आरोप लगने के बाद एडीसीपी मनीष चंद्र सोनकर, एसीपी गोविंद नगर विकास पांडेय भी घटनास्‍थल पर पहुंचे और बच्‍चे की सौतेली मां अर्चना से प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के अनुसार, मृतक बच्‍चे के पिता खाड़ेपुर निवासी धीरज गुप्ता एक नमकीन फैक्ट्री में काम करते हैं। करीब छह साल पहले, पहली पत्नी का निधन हो गया था। जिसके बाद से अकेले रह रहे धीरज ने डेढ़ वर्ष पहले अर्चना से शादी की थी। पहली पत्नी से धीरज के तीन बच्‍चे हैं। इसमें मृतक बेटे देव गुप्ता के अलावा शिवम और अतुल गुप्‍ता है। वहीं, अर्चना से एक बेटी राशि है। पुलिस अब अर्चना से थाने में पूछताछ करने में जुटी है।

सौतेली मां मृतक बच्‍चे के साथ करती थी मारपीट

हनुमंत विहार थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा ने बताया कि, पूछताछ में अर्चना ने बताया कि, बुधवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे मृतक देव घर के बाहर खेल रहा था, इसके बाद वह गायब हो गया। उसकी काफी तलाश करने के बाद भी वह नहीं मिला। अर्चना ने बताया कि, रात करीब साढ़े 10 बजे पहली मंजिल पर पहुंची वहां दूसरे कमरे के रोशनदान में दुपट्टे से देव का शव लटका मिला। जिसके बाद उसकी चीख सुनकर घरवाले पहुंचे और सूचना कंट्रोल रूम पर दी। जब शव को उतारते हुए पैर पर मारपीट के निशान दिखे तो हंगामा खड़ा हो गया। घर वालों ने अर्चना पर आरोप लगाते हुए पुलिस को बताया कि, सौतेली मां देव को पसंद नहीं करती थी और आए दिन उसके साथ मारपीट करती थी। इस बात को लेकर देव के पिता और अर्चना के बीच लड़ाई भी होती थी। जिसके बाद पुलिस ने अर्चना को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कहा कि, अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!