अमीर खान मुत्तकी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंचीं महिला पत्रकार। ANI
Amir Khan MuttaqiPress Conference: अफगानिस्तान के विदेश मंत्री अमीर खान मुत्तकी ने रविवार को कहा कि नई दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में महिलाओं को आमंत्रित न करना जानबूझकर नहीं, बल्कि एक 'तकनीकी समस्या' का नतीजा था।
भारतीय मीडिया और राजनेताओं की बढ़ती आलोचना पर प्रतिक्रिया देते हुए, मुत्तकी ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय लैंगिक भेदभाव पर आधारित नहीं था। मुत्तकी ने कहा, 'प्रेस कॉन्फ्रेंस के संबंध में, यह अल्प सूचना पर आयोजित की गई थी और पत्रकारों की एक छोटी सूची तय की गई थी।' 'जो सूची प्रस्तुत की गई थी, वह बहुत विशिष्ट थी। यह एक तकनीकी समस्या थी... हमारे सहयोगियों ने पत्रकारों की एक विशिष्ट सूची को निमंत्रण भेजने का फैसला किया था और इसके अलावा कोई और इरादा नहीं था।'
मुत्तकी ने आज एक और प्रेस वार्ता बुलाई, इस बार महिला पत्रकारों को आमंत्रित किया था। इस सप्ताह की शुरुआत में, कई महिला पत्रकारों और मीडिया संस्थानों ने विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता के बाद दिल्ली में विदेश मंत्री की प्रेस वार्ता में उन्हें आमंत्रित नहीं किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की थी।
विदेश मंत्रालय (MEA) ने शनिवार को स्पष्ट किया कि शुक्रवार को नई दिल्ली में अफगानिस्तान के विदेश मंत्री मुत्तकी द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में उसका कोई रोल नहीं था। बाद में, महिला पत्रकारों को इसमें शामिल होने से रोके जाने की खबरें आने के बाद यह विवाद खड़ा हो गया।
मुत्तकी बृहस्पतिवार को छह दिवसीय यात्रा पर नयी दिल्ली पहुंचे। अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति अशरफ गनी के सत्ता से हटने और तालिबान के सत्ता अपने हाथ में लेने के चार साल बाद तालिबान सरकार के किसी नेता की भारत की यह पहली उच्च-स्तरीय यात्रा है। भारत ने अब तक तालिबान को मान्यता नहीं दी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।