गुवाहाटी: असम विधानसभा डिप्टी स्पीकर डॉ नुमल मोमिन ने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए 400 से अधिक सीटें जीतेगा। गुरुवार को एएनआई से बात करते हुए मोमिन ने कहा कि बीजेपी केंद्र में लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि2024 के लोकसभा चुनाव मे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डायनामिक नेतृत्व की वजगह से बीजेपी के नेतृत्व वाला एनडीए 400 से अधिक सीटें जीतेगा। लोग विकास चाहते हैं और वे सामान पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा करते हैं। गौर हो कि इंदिरा गांधी की हत्या के बाद 1984 के लोकसभा चुनाव में राजीव गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने 404 सीटें जीती थीं। क्या नरेंद्र मोदी राजीव गांधी का रिकॉर्ड तोड़ देंगे?
अजित पवार से एनडीए को मिली ताकत
अजित पवार द्वारा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) को विभाजित करने और 8 साथी बागी विधायकों के साथ राज्य में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल होने के बाद महाराष्ट्र में राजनीतिक घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मोमिन ने कहा कि इस घटनाक्रम से आगामी लोकसभा चुनाव में एनडीए को और ताकत मिलेगी।
इन राज्यों पर बीजेपी दे रही है ध्यान
इससे पहले, गुरुवार को बीजेपी ने बिहार, झारखंड और ओडिशा के अलावा पूर्वोत्तर और पूर्वी राज्यों पश्चिम बंगाल, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, मेघालय, त्रिपुरा और असम पर ध्यान केंद्रित करते हुए अपना रोडमैप और कार्ययोजना तैयार करने के लिए गुवाहाटी में एक बैठक की। बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष, राज्य इकाई के अध्यक्ष, राज्य प्रभारियों और अन्य शीर्ष पदाधिकारियों और नेताओं ने भाग लिया।
पांच राज्यों के चुनाव पर ज्यादा फोकस
बैठक के दौरान बीजेपी ने राज्यों की समग्र प्रगति की समीक्षा की और आगामी चुनावों के लिए क्षेत्रवार रणनीति की योजना बनाई। बीजेपी इस साल के अंत में पांच राज्यों मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में होने वाले विधानसभा चुनावों के साथ-साथ महत्वपूर्ण 2024 के लोकसभा चुनावों से पहले तैयारी कर रही है।
