देश

कौन हैं कश्मीर के लाल सिंह,जिनके कारण विवादों में आ गई राहुल की भारत जोड़ो यात्रा,उमर ने दी नसीहत

  • Authored by: प्रशांत श्रीवास्तव
  • Updated Jan 20, 2023, 02:27 PM IST

Who is Lal Singh and Controversy on Bharat Jodo Yatra: चौधरी लाल सिंह दो बार के सांसद और तीन बार के विधायक रहे हैं। और राज्य में भाजपा और पीडीपी गठबंधन वाली सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। लाल सिंह ने साल 2014 में कांग्रेस छोड़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया था। और बाद में वह सरकार में मंत्री भी बनाए गए थे।

Image

कौन हैं लाल सिंह

Who is Lal Singh and Controversy on Bharat Jodo Yatra: राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा जम्मू-कश्मीर पहुंच गई है। और शुक्रवार को कठुआ जिले से भारत जोड़ो यात्रा शुरू हुई, जिसमें शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के संजय राउत सहित कई बड़े नेता शामिल हुए। इस दौरान, राहुल सफेद टी-शर्ट पर काले रंग की बरसाती (रेनकोट) पहने नजर आए। लेकिन राज्य में पहुंचने से पहले ही यात्रा को लेकर विवाद शुरू हो गया। और मामले ने इतना तूल पकड़ लिया कि कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर इकाई की प्रवक्ता दीपिका पुष्कर नाथ ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया। असल में पूरा मामला राज्य के पूर्व मंत्री लाल सिंह को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने की अनुमति देने के पार्टी आलाकमान के फैसले से जुड़ा हुआ है। जिस पर नेशनल कांफ्रेस ने भी राहुल गांधी को नसीहत दे डाली।

क्या है मामला

चौधरी लाल सिंह दो बार के सांसद और तीन बार के विधायक रहे हैं। और राज्य में भाजपा और पीडीपी गठबंधन वाली सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। लाल सिंह ने साल 2014 में कांग्रेस छोड़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया था। और बाद में वह सरकार में मंत्री भी बनाए गए थे। लेकिन जनवरी 2018 में कठुआ दुष्कर्म मामले के आरोपियों के समर्थन में निकाली गई एक रैली में हिस्सा लेने पर हुए हंगामे के बाद उन्होंने भाजपा से इस्तीफा दे दिया था। और उसके बाद डोगरा स्वाभिमान संगठन पार्टी (डीएसएसपी) बनाई थी। रैली में भाग लेने के अपने कदम का बचाव करते हुए उन्होंने कहा था कि स्थिति को शांत और नियंत्रित करने के लिए वहां गए थे। अब उनका यही कदम विरोध का कारण बन रहा है।

उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती ने दी नसीहत

इस खबर के बाद कि लाल सिंह को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने की अनुमति दी गई है। नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि कांग्रेस को कठुआ बलात्कार और हत्या मामले में बलात्कारियों का कथित तौर पर समर्थन करने वाले पूर्व मंत्री चौधरी लाल सिंह को भारत जोड़ो यात्रा में भाग लेने की अनुमति नहीं देनी चाहिए।अब्दुल्ला के अनुसार कांग्रेस को इस बात पर गौर करना होगा कि कुछ लोग यात्रा का इस्तेमाल अपने अतीत के दागों को धोने के लिए कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हम उन नेताओं की भूमिका को नहीं भूले हैं जिन्होंने बलात्कारी को बचाने की कोशिश की। उन्होंने जिस तरह से लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई, वह किसी से छिपी नहीं है।

वहीं कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर इकाई की प्रवक्ता दीपिका पुष्कर नाथ ने इस्तीफा देते हुए कहा कि वह वैचारिक कारणों पर पार्टी छोड़ रही हैं, क्योंकि सिंह आठ साल की बच्ची के बलात्कारियों का “बेशर्मी से बचाव” करके 2018 के कठुआ दुष्कर्म मामले में अभियोजन का पक्ष कमजोर करने के लिए जिम्मेदार थे।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

प्रशांत श्रीवास्तव
प्रशांत श्रीवास्तवauthor

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम करने का मौका मिला। इस समय Timesnowhindi.com में टीम लीड के रुप में बिजनेस, ऑटो, यूटीलिटी, टेक सेक्शन में अपना योगदान दे रहा हूं। करियर का पहला ब्रेक हैदराबाद स्थित मीडिया संस्थान ईटीवी से टेलीविजन के जरिए हुआ। यहां पर टेलीविजन पत्रकारिता की बारीकियों को समझने का मौका मिला। और उसके बाद अगला पड़ाव दिल्ली स्थित दैनिक भास्कर समूह का बिजनेस भास्कर रहा। यहां से बिजनेस पत्रकारिता में कदम रखा। और यह सफर वित्त मंत्रालय की रिपोर्टिंग से लेकर बैंकिंग, इंश्योरेंस, ऑटो, एफएमसीजी, एमएमएमई, टेलीकॉम सेक्टर की ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर कॉरपोरेट जगत की खबरें और इकोनॉमी से जुड़ी खबरों से गुजरते हुए अमर उजाला, मनी भास्कर वेबसाइट से होकर आउटलुक मैगजीन पहुंचा। यहां पर पॉलिटिकल खबरों को करने का मौका मिला। आउटलुक में रहते हुए भाजपा और कांग्रेस पार्टी को भी कवर किया। इस दौरान दिल्ली दंगों पर ग्राउंड रिपोर्ट से लेकर सीएए आंदोलन, किसान आंदोलन और कृषि जगत, वाइल्ड लाइफ से जुड़ी ग्राउंड रिपोर्ट भी करने का मौका मिला। करियर के इस सफर में 2014 लोक सभा चुनाव, 2019 लोक सभा चुनाव, इसके अलावा उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव, राजस्थान विधान सभा, मध्य प्रदेश विधान सभा चुनाव की ग्राउंड रिपोर्ट भी की। पिछले 16 साल से केंद्रीय बजट की बारीकियों को समझकर उसे आम भाषा में लोगों तक पहुंचाने का भी प्रयास किया है। 17 साल के करियर में करीब 10 साल डिजिटल मीडिया का अनुभव रहा है। पिछले 3 साल से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। पत्रकारिता का ककहरा माखन लाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल से सीखा है।

और पढ़ें
End of Article