देश

जब जनता का विरोध सामने आता है तो, BJP पीछे हट जाती है, बिहार में SIR को लेकर खरगे का केंद्र पर निशाना

खरगे ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, निर्वाचन आयोग के सहयोग से भाजपा ने बिहार में करोड़ों लोगों के मतदान का अधिकार छीनने का जो मास्टर प्लॉन बनाया था, उसमें अब भाजपा खुद फंसती नजर आ रही है।

Image

मल्लिकार्जुन खरगे (फाइल फोटो)

Photo : ANI

Mallikarjuana Kharge On SIR in Bihar: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के जरिए बिहार के लोगों को उनके मताधिकार से वंचित करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य के मतदाता लोकतंत्र और संविधान पर हमले के लिए भाजपा को सबक जरूर सिखाएंगे। खरगे ने निर्वाचन आयोग द्वारा जारी एक नये विज्ञापन का हवाला दिया, जिसमें बिहार के मतदाताओं से एसआईआर के तहत केवल एक फॉर्म भरने का आग्रह किया गया है। खरगे ने आरोप लगाया कि जब जनता का विरोध सामने आता है, तो भाजपा बड़ी चालाकी से कदम पीछे खींच लेती है।

खरगे का बीजेपी पर निशाना

खरगे ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, निर्वाचन आयोग के सहयोग से भाजपा ने बिहार में करोड़ों लोगों के मतदान का अधिकार छीनने का जो मास्टर प्लॉन बनाया था, उसमें अब भाजपा खुद फंसती नजर आ रही है। उन्होंने कहा कि पहले दिन से ही कांग्रेस एसआईआर के खिलाफ आवाज उठा रही है। उन्होंने कहा, जो लोग चुनाव में लगातार मतदान करते रहे हैं, उनसे मतदान के लिए दस्तावेज दिखाने को क्यों कहा जा रहा है?

खरगे ने आरोप लगाया, गरीब, कमजोर, वंचित, दलित, पीड़ित, पिछड़े लोगों का जबरन मताधिकार छीनना ही भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का षड्यंत्र है। कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि एसआईआर के कारण लगभग आठ करोड़ लोग प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा, मतदाता सूची को दुरुस्त करने की जिम्मेदारी निर्वाचन आयोग की है, जनता की नहीं।

निर्वाचन आयोग को भी घेरा

उन्होंने दावा किया, जब विपक्ष, जनता और नागरिक समाज की ओर से दबाव बढ़ा तो निर्वाचन आयोग ने आज जल्दबाजी में ये विज्ञापन प्रकाशित कर दिए, जिनमें कहा गया है कि अब सिर्फ फॉर्म भरना होगा और दस्तावेज दिखाने की जरूरत नहीं है। राज्यसभा में विपक्ष के नेता ने आरोप लगाया, यह जनता को बरगलाने और भ्रमित करने की भाजपा की चाल का हिस्सा है। सच तो यह है कि भाजपा ने तय कर लिया है कि वह किसी भी कीमत पर लोकतंत्र को कुचल देगी। लेकिन जब जनता का विरोध सामने आता है तो वह बड़ी चालाकी से एक कदम पीछे खींच लेती है। बिहार को लोकतंत्र की जन्मस्थली बताते हुए खरगे ने कहा कि राज्य के लोग आगामी विधानसभा चुनाव में लोकतंत्र और संविधान पर भाजपा के हमले का जवाब जरूर देंगे।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article