देश

अगर UP-Bihar के लोग जाना बंद कर दें तो?- दयानिधि मारन की टिप्पणी पर भड़के तेजस्वी यादव, दे डाली नसीहत

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Dec 24, 2023, 09:27 PM IST

उत्तर प्रदेश और बिहार से तमिलनाडु आने वाले हिंदी भाषियों के बारे में डीएमके सांसद दयानिधि मारन की टिप्पणी की निंदा करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार के लोगों के बिना अन्य राज्य काम करना बंद कर देंगे और ठप पड़ जाएंगे।

Image

दयानिधि मारन की टिप्पणी पर भड़के तेजस्वी यादव

Photo : Twitter

डीएमके नेता दयानिधि मारन की बिहार-यूपी वाली टिप्पणियों पर अब उनके ही सहयोगी पार्टी के नेता तेजस्वी यादव ने हल्ला बोला है। बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने दयानिधि मारन को नसीहत देते हुए कड़ी टिप्पणी की है।

तेजस्वी की नसीहत

उत्तर प्रदेश और बिहार से तमिलनाडु आने वाले हिंदी भाषियों के बारे में डीएमके सांसद दयानिधि मारन की टिप्पणी की निंदा करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार के लोगों के बिना अन्य राज्य काम करना बंद कर देंगे और ठप पड़ जाएंगे। तेजस्वी यादव ने कहा- "अगर उस पार्टी के किसी नेता ने यूपी और बिहार के लोगों के बारे में कुछ कहा है, तो यह निंदनीय है। हम इससे सहमत नहीं हैं। यूपी और बिहार के मजदूरों की मांग पूरे देश में है। अगर वे कहीं और जाना बंद कर दें तो। राज्य काम करना बंद कर देंगे और ठप पड़ जाएंगे। सभी दलों के नेताओं को ऐसे बयान देने से बचना चाहिए"

क्या बोले थे मारन

मारन ने कथित तौर पर कहा था कि हिंदी पट्टी के लोग तमिलनाडु में सड़क, शौचालय साफ कर रहे हैं और अन्य छोटे-मोटे काम कर रहे हैं। वीडियो में वह यह कहते सुनाई देते हैं कि चूंकि तमिलनाडु के बच्चे शिक्षित होते हैं तथा अच्छी अंग्रेजी सीखते हैं, इसलिए उन्हें सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) क्षेत्र में रोजगार और अच्छा वेतन मिलता है। वीडियो क्लिप में, मारन ने कथित तौर पर कहा, "उत्तर प्रदेश और बिहार राज्यों में जिन लोगों ने केवल हिंदी सीखी, वे तमिल सीखने के बाद तमिलनाडु में घरों के निर्माण का काम करते हैं, सड़कें और शौचालय साफ करते हैं। अगर हिंदी सीखी जाए तो यही स्थिति होती है।"

भाजपा ने घेरा

भाजपा ने विपक्षी गठबंधन के घटक दलों की चुप्पी पर सवाल उठाया है। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि इस तरह की बातें "निश्चित रूप से" द्रमुक की आदत बन गई हैं। उन्होंने कहा कि एक के बाद एक कई नेता ऐसी टिप्पणियां करते हैं और इससे पहले उन्होंने सनातन धर्म पर भी हमला बोला था। पूनावाला ने कहा- "लेकिन कांग्रेस पार्टी और 'इंडिया' गठबंधन के अन्य दल इसलिए कुछ नहीं बोल रहे हैं, क्योंकि शायद वे सभी इसमें एक साथ हैं।"

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article