देश

बंगाल के हल्दिया में तेल रिफाइनरी की नैफ्था पाइपलाइन में भीषण आग, 20 लोग झुलसे, 6 की हालत बेहद नाजुक

West Bengal Oil Refinery Accident: पश्चिम बंगाल के हल्दिया में एक ऑयल रिफाइनरी की नैफ्था पाइपलाइन में भीषण आग लगने से कम से कम 20 लोग झुलस गए हैं।

Image

बंगाल के हल्दिया में तेल रिफाइनरी की नैफ्था पाइपलाइन में भीषण आग, 20 लोग झुलसे, 6 की हालत बेहद नाजुक

Haldia Petrochemicals Fire: पश्चिम बंगाल के औद्योगिक क्षेत्र हल्दिया से एक बड़े हादसे की खबर आ रही है। यहां मंगलवार सुबह एक तेल रिफाइनरी की नैफ्था ले जाने वाली मुख्य पाइपलाइन में अचानक भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में रिफाइनरी के आसपास मौजूद कम से कम 20 लोग बुरी तरह झुलस गए हैं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसमान में काले धुएं का गुबार दूर-दूर से देखा जा रहा था।

HT की रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्वी मिदनापुर जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह हादसा मंगलवार तड़के सुबह हुआ। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। झुलसे हुए 20 लोगों में से छह लोगों की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें तुरंत कोलकाता के एक बड़े अस्पताल में शिफ्ट किया जा रहा है।

स्थानीय खबरों के मुताबिक, आग सुबह करीब 4 बजे लगी। बताया जा रहा है कि यह आग पाइपलाइन से नैफ्था के रिसाव के बाद लगी। शुरुआत में काला धुआं दिखाई दिया और फिर आग की लपटें तेजी से बढ़ने लगीं। गैस रिसाव के कारण आग तेजी से फैल गई।

कंपनी ने जताई तेल चोरी की आशंका

इस गंभीर हादसे पर प्रतिक्रिया देते हुए हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (HPL) ने एक आधिकारिक बयान जारी किया है। कंपनी ने संकेत दिया है कि शुरुआती तौर पर यह घटना प्लांट के पास मौजूद एक ऐसे ठिकाने के आसपास हुई है, जहां से कथित तौर पर अवैध रूप से नैफ्था चोरी की जा रही थी।

हल्दिया पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (HPL) के आधिकारिक बयान में कहा, 'नैफ्था एक अत्यधिक दहनशील (combustible) और बेहद ज्वलनशील हाइड्रोकार्बन है। गंभीर सुरक्षा जोखिमों को देखते हुए हमारी कंपनी स्थानीय समुदायों को पेट्रोलियम उत्पादों तक अनधिकृत पहुंच बनाने या उनके साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ के खिलाफ लगातार आगाह करती रही है।'

जांच में जुटा प्रशासन

कंपनी और पुलिस दोनों ने ही स्पष्ट किया है कि आग लगने की सटीक वजह क्या थी, इस पर अभी अंतिम रूप से कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। दुर्घटना के असली कारणों का पता लगाने के लिए संबंधित सरकारी अधिकारियों और जांच एजेंसियों के साथ मिलकर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।

HPL प्रबंधन ने कहा कि उनके लिए सुरक्षा हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता है और वे जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग दे रहे हैं। जैसे ही जांच से जुड़ी कोई प्रामाणिक जानकारी सामने आएगी, उसे साझा किया जाएगा। राहत की बात यह है कि दमकलकर्मियों के कड़े प्रयासों के बाद अब आग को पूरी तरह से नियंत्रित कर लिया गया है और कूलिंग का काम जारी है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article