केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा है कि फेक न्यूज (फर्जी खबरों) को रोकना ही होगा। मंगलवार (29 नवंबर, 2022) को नई दिल्ली में हुई 59वीं एशियन ब्रॉडकास्टिंग यूनियन (एबीयू) महासभा और एसोसिएटेड मीटिंग्स 2022 कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि वह बोले कि देश के सार्वजनिक प्रसारक ऑल इंडिया रेडियो (एआईआर) और दूरदर्शन (डीडी) हमेशा सच्चाई के साथ खड़े रहे हैं। वे सालों से लोगों का भरोसा जीतते रहे हैं।
'फर्जी खबरों के प्रति रहें सचेत'
ठाकुर ने मीडिया को खबरों की संवेदनशीलता के प्रति जिम्मेदार रहने की सलाह दी। कहा- लोगों तक सही न्यूज पहुंचे। यह जिम्मेदारी होनी चाहिए। फर्जी खबरों के प्रति मीडिया को सचेत रहना चाहिए। खबरों के तथ्यों की सही तरह जांच करके ही उसे पब्लिक डोमेन में लाया जाना चाहिए।
दूरदर्शन और आकाशवाणी प्रामाणिक मीडिया- ठाकुर
केंद्रीय मंत्री के मुताबिक, भारतीय सार्वजनिक प्रसारण सेवा दूरदर्शन और आकाशवाणी हमेशा प्रामाणिकता के आधार पर रिपोर्टिंग करते हैं। लॉकडाउन में मीडिया ने हमें बाहरी दुनिया से जोड़ा। प्रसार भारती ने कोविड में 100 से अधिक कर्मचारियों को खो दिया था, लेकिन ये फिर भी उन्हें इसे जारी रखने से नहीं रोक सका।
प्रसार भारती कर रहा ABU महासभा की मेजबानी
प्रसार भारती (भारत का लोक सेवा प्रसारक) 59वें एशिया पैसिफिक ब्रॉडकास्टिंग यूनियन महासभा 2022 की मेजबानी कर रहा है। यह सम्मेलन 25 नवंबर को नई दिल्ली में शुरू हुआ और इस महीने की 30 तारीख तक जारी रहेगा। यह आयोजन भारत की स्वतंत्रता के 75वें वर्ष को चिह्नित करने के लिए आजादी का अमृत महोत्सव के साथ मेल खाता है। 50 संगठनों का प्रतिनिधित्व करने वाले 40 देशों के लगभग 300 अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि इस कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं।
प्रसारण क्षेत्र में यह सम्मेलन अपनी तरह का पहला है, जो कोविड महामारी के बाद भौतिक रूप में आयोजित किया जा रहा है। इससे विदेशी प्रसारकों, विशेष रूप से आसियान देशों के साथ संबंधों को मजबूत करने की उम्मीद है, इस प्रकार यह सरकार की ‘एक्ट ईस्ट नीति’ का समर्थन करता है।
