10 नवंबर की शाम लाल किले के पास कार में हुआ विस्फोट।
Red Fort blast Video : दिल्ली में सोमवार शाम करीब सात बजे लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास I-20 कार में हुए विस्फोट का वीडियो सामने आया है। सामने आए इस वीडियो में रेड फोर्स चौक पर रेंगती गाड़ियों के बीच अचानक से कार में विस्फोट हुआ और एक झटके में कार आग के गोले और पीली रोशनी में तब्दील हो गई। इस धमाके में 12 लोगों की मौत हुई जबकि 20 अन्य घायल हो गए। विस्फोट से पहले वीडियो में सड़क पर लोगों की भीड़ और वाहन नजर आ रहे हैं। तभी कार में धमाका होता है और कार एक बड़ी पीली रोशनी में तब्दील हो जाती है।
कार में धमाके की यह घटना लाल किला स्थित चांदनी चौक स्थित सीसीटीवी निगरानी केंद्र में कैद हुई। धमाका इतना भीषण था कि कुछ पल के लिए घटनास्थल पर अंधेरा छा गया और सीसीटीवी कंट्रोल रूम में लगे टेलिविजन की लाइव फीड बंद हो गई। फिर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। लोगों को कुछ समझ में नहीं आया और वे बदहवास होकर इधर-उधर भागने लगे।
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक जिस हुंडई I-20 कार में विस्फोट हुआ, उसे कथित तौर पर कश्मीरी डॉक्टर मोहम्मद उमर चला रहा था, जिस पर हमले के पीछे होने का संदेह है। माना जा रहा है कि जम्मू-कश्मीर के पुलवामा निवासी उमर का हाल ही में फरीदाबाद में पकड़े गए एक आतंकी मॉड्यूल से संबंध है। बताया जाता है कि कार में उमर के साथ दो अन्य लोग और सवार थे, धमाके में इन तीन लोगों की भी मौत हुई।
इस विस्फोट के बाद पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने बताया कि शाम करीब 6.52 बजे एक धीमी गति से चल रही गाड़ी लाल बत्ती पर रुकी। उस गाड़ी में धमाका हुआ और धमाके की वजह से आस-पास की गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं और कुछ लोग हताहत एवं जख्मी हुए। विस्फोट के कुछ घंटे बाद गृह मंत्री अमित शाह ने एलएनजेपी अस्पताल का दौरा किया और घायलों के बारे में जानकारी ली। इसके बाद वह विस्फोट वाले स्थल गए और घटना का जायजा लिया। इस विस्फोट के अगले दिन पीएम मोदी जो कि भूटान में थे, उन्होंने कहा कि विस्फोट की साजिश रचने वाले को बख्शा नहीं जाएगा।
विस्फोट की इस घटना के दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर है। राष्ट्रीय राजधानी में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली के सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर अर्धसैनिक बलों के साथ-साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं। उन्होंने बताया कि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के तहत शहर में आने-जाने वाले वाहनों की गहन तलाशी ली जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी व्यक्तिगत रूप से गाजीपुर, सिंघु, टिकरी और बदरपुर सहित अंतरराज्यीय सीमाओं पर सुरक्षा जांच की निगरानी कर रहे हैं। बाजारों, मेट्रो स्टेशन, रेलवे टर्मिनल और बस अड्डों पर वाहनों की तलाशी ली जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी संदिग्ध गतिविधि नजरों से बच न पाए।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सभी जिला इकाइयों और विशेष शाखाओं को सतर्क रहने और भीड़भाड़ वाले इलाकों विशेषकर पर्यटन स्थलों, मॉल और धार्मिक स्थलों के पास गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया गया है। अधिकारी ने बताया, ‘हम कोई जोखिम नहीं उठा रहे हैं। हमारा ध्यान जनता का विश्वास बनाए रखने और यह सुनिश्चित करने पर है कि शहर सुरक्षित रहे।’ संवेदनशील जगहों पर खोजी कुत्ते, मेटल डिटेक्टर और दंगा-रोधी टीमें तैनात हैं। पुलिस ने निवासियों से भी सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत आपातकालीन हेल्पलाइन पर देने को कहा है। इस बीच, सुरक्षा स्थिति की समीक्षा और विस्फोट से संबंधित जानकारी का आकलन करने के लिए दिल्ली पुलिस, खुफिया ब्यूरो और अर्धसैनिक बलों के बीच समन्वय बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।