पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना मध्यमग्राम क्षेत्र के दोहरिया में हुई। उन पर चार राउंड गोलियां चलाईं गई। एक गोली उसके सिर में दूसरी उनके सीने में और एक पैर में लगी। गोलियां लगने के बाद उनको अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हालांकि हत्यारे कौन थे, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। मामले में जांच जारी है।
इस घटना के बाद इलाके में बढ़ते तनाव के बीच बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। हमलावरों की पहचान करने और हमले के पीछे के मकसद का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।

सुवेंदु अधिकारी के पीए को मारी गई गोली।
गाड़ी को हमलावर कर रहे थे फॉलो
जानकारी के मुताबिक, मध्यग्राम में डोलतला के पास रात करीब 10:30 बजे जब चंद्रनाथ अपनी गाडी में बैठ कर घर जा रहे थे, तभी हमलावर काफी देर से उनकी गाड़ी का पीछा कर रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी धीरे हुई तभी हमलावरों ने उनपर चार राउंड फायरिंग की। जिसमें से उन्हें तीन गोलियां लगीं।
प्रत्यक्षदर्शी क्या बोले?
प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि रथ को ले जा रहे वाहन को पहले दोहरिया जंक्शन के पास एक छोटी चार पहिया वाहन ने रोक दिया, जिसके बाद एक मोटरसाइकिल सवार एसयूवी के पास आया और करीब से गोलीबारी शुरू कर दी। बाद में चार पहिया वाहन में सवार लोग वाहन छोड़कर मोटरसाइकिल पर सवार होकर भाग गए।
गाड़ी में रथ के साथ उनका ड्राइवर भी था, उसे भी गोली लगी है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। उसे अपोलो अस्पताल ले जाया गया है। मध्यमग्राम और कोलकाता में हाईअलर्ट जारी कर दिया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस बरामद किए
हत्या के बाद पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस बरामद कर लिए हैं। साथ ही हमले में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया। डीजीपी सिद्धनाथ गुप्ता ने बताया कि कार की रजिस्ट्रेशन संख्या सिलीगुड़ी क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय की प्रतीत होती है,लेकिन हमें शक है कि नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ की गई हो सकती है। फोरेंसिक टीमों ने वाहन से सैंपल एकत्र कर लिए हैं, साथ ही हमलावरों की पहचान करने के लिए आसपास के क्षेत्रों से सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं। बरसात पुलिस जिले की एसपी पुष्पा ने कहा कि हत्या के पीछे के मकसद का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
नंदीग्राम में टीएमसी के कार्यकर्ताओं के साथ हुई थी बहस
बताया जा रहा है कि मतगणना के दिन नंदीग्राम में टीएमसी के कार्यकर्ताओं के साथ उनकी बहस हुई थी। जिसके बाद अब यह घटना सामने आई है। नव निर्वाचित भाजपा विधायक तरुणज्योति तिवारी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि हम शांति का उपदेश देते रहे हैं लेकिन टीएमसी ने सबसे बड़ी गलती की है
भाजपा बोली यह टारगेटेड असैसिनेशन
इस घटना के बाद बीजेपी ने इसे “टारगेटेड असैसिनेशन” करार देते हुए ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर निशाना साधा। वहीं टीएमसी ने भी आरोपों को खारिज करते हुए बीजेपी समर्थकों पर अपने कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाया है।
घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है। अस्पताल के बाहर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने हालात को काबू में रखने के लिए भारी सुरक्षा बल तैनात किया है।
सुवेंदु बोले - ये कोल्ड-ब्लडेड मर्डर
बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने इस हत्या को कोल्ड-ब्लडेड मर्डर करार दिया। उन्होंने कहा कि हमलावरों ने पहले से रेकी की थी। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्रीअमित शाह से भी इस मामले पर बात की है। उन्होंमे कहा कि यह एक निर्मम हत्या है। डीजीपी ने आश्वासन दिया है कि वे मामले की जांच करेंगेजिस तरह से हमला किया गया,उससे साफ पता चलता है कि हमलावरों ने पहले से ही रेकी की थी। हालांकि, अधिकारी ने हमले के पीछे किसी भी संगठन का सीधे तौर पर नाम लेने से परहेज किया और पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे कानून को अपने हाथ में न लें।
उन्होंने कहा कि हम फिलहाल कोई निष्कर्ष नहीं निकालना चाहते,क्योंकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव परिणाम आने के बाद भी कई जिलों में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले जारी हैं।
बसीरहाट और बाकानगर में भी भाजपा कार्यकर्काओं पर हमला
इस दौरान सुवेंदु अधिकारी ने दावा किया कि जब हम यहां थे,तब हमारे एक साथी को बसीरहाट में गोली मार दी गई और दूसरे को बारानगर में चाकू से हमला किया गया।
अधिकारी ने कहा कि उन्होंने इस हत्या के संबंध में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से बात की थी। टीएमसी की निवर्तमान सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए अधिकारी ने बंगाल की मौजूदा स्थिति को "महाजंगल राज" करार दिया।
टीएमसी ने की सीबीआई जांच की मांग
उधर, टीएमसी ने इस हत्या की निंदा करते हुए कोर्ट मॉनिटरिंग में CBI जांच की मांग की है और दावा किया है कि पिछले कुछ दिनों में उनके भी कई कार्यकर्ता मारे गए हैं।
ये हत्या तब हुई है जब पश्चिम बंगाल में मतदान के बाद सरकार गठन की तैयारियां तेज हैं। भाजपा ने नौ मई को शपथ ग्रहण की बात कही थी। इसमें भाजपा के बड़े नेताओं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह नितिन नबीन और जेपी नड्डा के शामिल होने का भी एलान किया गया था।
