NCB questions Rhea Chakraborty: ड्रग मामले में रिया चक्रवर्ती का आज फिर एनसीबी से सामना 

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 7, 2020, 10:19 AM IST

Rhea Chakraborty Drug Case: ड्रग केस मामले में रिया चक्रवर्ती सोमवार को एक बार फिर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के सामने पेश हुईं। ड्रग मामले में रिया से पूछताछ का यह दूसरा दिन है।

मुंबई : अभिनेता सुशांत सिंह मौत मामले में रिया चक्रवर्ती पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो का शिकंजा कसता जा रहा है। ड्रग मामले में एनसीबी रिया से पूछताछ कर रहा है। अभिनेत्री से पूछताछ का यह दूसरा दिन है। इससे पहले केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) रिया से कई दिनों की पूछताछ कर चुकी है। ड्रग मामले में एनसीबी रिया के भाई शौविक चक्रवर्ती और सुशांत के हाउस मैनेजर रहे सैमुअल मिरांडा को शुक्रवार की रात गिरफ्तार किया। इन दोनों ने पूछताछ में बताया है कि रिया के कहने पर ही वे ड्रग खरीदे। इन दोनों के कबूलनामे के बाद रिया की मुश्किलें काफी बढ़ गई हैं। बताया जा रहा है कि रिया के जवाबों से संतुष्ट न होने पर एनसीबी उन्हें गिरफ्तार कर सकता है। सूत्रों के मुताबिक रविवार की पूछताछ में रिया ने माना है कि उन्हें ड्रग कॉर्टेल के बारे में जानकारी थी। 

ड्रग मामले में रिया की भूमिका जांच कर रहा एनसीबी
एनसीबी रिया से पूछताछ कर यह जानना चाहता है कि ड्रग तस्करी मामले में अभिनेत्री की सीधी संलिप्तता है या नहीं। ड्रग मामले की जांच कर रहे एनसीबी ने रविवार को ड्रग तस्कर अनुज केसवानी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बताया जा रहा है कि उसके पास से एलएसडी, हशीश, मारीजुआना और विदेशी मुद्रा बरामद हुई। अनुज के बारे में यह जानकारी भी सामने आई है कि वह कैजान इब्राहिम के सीधे संपर्क में था। एनसीपी इब्राहिम को पहले ही गिरफ्तार कर चुका है। बताया जाता है कि कैजान अनुज से ड्रग खरीदा करता था और उसे सुशांत के स्टॉफकर्मियों मिरांडा और अन्य को उपलब्ध कराता था। 

दूसरे आरोपियों से रिया का हो सकता है सामना
सूत्रों का कहना है कि ड्रग मामले में रिया से दूसरी बार पूछताछ करने जा रहा है एनसीबी केस के दूसरे आरोपियों के साथ अभिनेत्री का आमना-सामना कराएगा। सोमवार की पूछताछ में रिया का आमना-सामना उसके भाई शौविक, सुशांत के हाउस मैनेजर सैमुअल मिरांडा और कुक दीपेश सावंत से हो सकता है। एनसीबी दफ्तर पर मीडियाकर्मियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मुंबई पुलिस ने बैरिकडिंग की है। रिया की पेशी को देखते हुए सोमवार को एनसीबी दफ्तर और अभिनेत्री के घर के बाहर काफी संख्या मीडियाकर्मी जमा हो गए थे। रविवार की घटना से बचने के लिए मुंबई पुलिस ने दफ्तर की तरफ आने वाले मार्गों को सील कर दिया है। 

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!