राघव चड्ढा के पास 45 गन मैन, भगवंत मान के पास 450 गनमैन; सिद्धू मूसेवाला की हत्या के लिए केजरीवाल और राघव चड्ढा जिम्मेदार: BJP

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 29, 2022, 09:06 PM IST

बीजेपी नेता संबित पात्रा ने कहा कि पहले तो सिद्धू मूसेवाला की सुरक्षा हटाई, उसके बाद जिन लोगों की भी सुरक्षा हटाई उस पूरी सूची को पब्लिक कर दिया। एक तरह से ये एक आमंत्रण था उन हत्यारों कि हमने इन लोगों की सुरक्षा को वापस ले लिया है और अब आप लोग अपना काम कर सकते हैं।

पंजाब में कांग्रेस नेता और मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के लिए बीजेपी ने आम आदमी पार्टी (AAP) को घेरा है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि कुछ घंटे पहले पंजाब के जाने माने चेहरे सिद्धू मूसेवाला के साथ जिस प्रकार का अन्याय हुआ है, गोलियों से छलनी कर उनकी हत्या कर दी गई है। यह बहुत ही दुखद घटना है। ये घटना पंजाब की कानून व्यवस्था को स्पष्ठ रूप से बयान करती है। पंजाब की केजरीवाल सरकार ने पहले तो सिद्धू मूसेवाला की सिक्योरिटी हटाई और जिनकी भी सिक्योरिटी हटाई उनकी गोपनीय पूरी लिस्ट पब्लिक कर दी गई। एक तरह से ये हत्यारों को आमंत्रण था कि हमने इन लोगों की सिक्योरिटी वापस ली है अब आप अपना काम कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि जो लोग पंजाब को नहीं समझते, जो लोग पंजाब को नहीं जानते आज वो रिमोट कंट्रोल के माध्यम से दिल्ली में बैठकर पंजाब को चला रहे हैं। अरविंद केजरीवाल और राघव चड्ढा ये दो लोग आज पंजाब को दिल्ली में बैठकर कंट्रोल कर रहे हैं। आज सिद्धू मूसेवाला की हत्या हुई है उसके जिम्मेदार सीधे तौर पर अरविंद केजरीवाल और राघव चड्ढा हैं। इन दोनों लोगों को माफी मांगनी चाहिए और एक्सप्लनेशन देना चाहिए कि आखिर आज पंजाब में क्या हो रहा है। 

वहीं मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि केजरीवाल की घटिया राजनीति की वजह से लोगों की जान जा रही है। केजरीवाल के पास 90 सुरक्षाकर्मी पंजाब के हैं। राघव चड्ढा के पास 45 गनमैन हैं। भगवंत मान जी की बहन के पास 20 गनमैन हैं। भगवंत मान के पास 450 गनमैन हैं, 12 लैंड क्रूजर गाड़ियां, 32 स्कॉर्पियो, 18 जिप्सियां, ये भगवंत मान की सुरक्षा है।

End of Article