SSR death case: 'आर्थिक तंगी में नहीं थे सुशांत सिंह, खाते में जमा थे 17 करोड़ रुपए'

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 19, 2020, 08:47 AM IST

SSR death case: मुंबई पुलिस के सूत्रों का कहना है कि अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत आर्थिक तंगी से नहीं गुजर रहे थे क्योंकि उनके बैंक खाते में 17 करोड़ रुपए से ज्यादा की रकम जमा थी।

मुंबई : सुशांत सिंह राजपूत मामले में हर दिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं। अभिनेता के करीबियों ने जहां उनकी 'आत्महत्या की थ्योरी' और उनकी गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती की भूमिका पर सवाल उठाए हैं, वहीं मुंबई पुलिस के सूत्रों ने बताया है कि सुशांत सिंह राजपूत आर्थिक तंगी का सामना नहीं कर रहे थे और उनके बैंक अकाउंट में 17 करोड़ रुपए से ज्यादा राशि जमा थी। सूत्रों का कहना है कि सुशांत सिंह अपने स्टॉफकर्मियों पर भी काफी सारा पैसा खर्च करते थे। सुशांत सिंह के परिवार ने अपनी शिकायत में रिया पर सुशांत के खाते से 15 करोड़ रुपए निकालने का आरोप लगाया है। परिवार की शिकायत के आधार पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) मामले में मनीलॉन्ड्रिंग एंगल की जांच कर रहा है।   

'अपने स्टॉफ पर पैसे खर्च करते थे सुशांत'
मुंबई पुलिस के सूत्रों ने टाइम्स नाउ को बताया है कि अभिनेता के पास पैसों की कमी नहीं थी। उनके बैंक खाते में 17 करोड़ रुपए जमा थे। इसे आर्थिक तंगी नहीं कहा जा सकता। मुंबई पुलिस ने अपने फॉरेंसिंग ऑडिट में पाया है कि सुशांत के बैंक खाते में 17 करोड़ रुपए से ज्यादा रुपए जमा हैं। सूत्रों का यह भी कहना है कि सुशांत अपने स्टाफ के लोगों पर भारी भरकम राशि खर्च करते थे। मुंबई पुलिस की ओर से अब यह संकेत देना कि अभिनेता को आर्थिक संकट नहीं था, उसकी 'आत्महत्या की थ्योरी' पर सवाल उठाएगा। 

सुशांत के पिता ने दर्ज कराई है शिकायत
सुशांत के पिता केके सिंह ने पटना पुलिस में दर्ज अपनी शिकायत में रिया चक्रवर्ती पर वित्तीय लेन-देन में धोखाधड़ी करने और अभिनेता का मानसिक रूप से उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। सुशांत के पिता का आरोप है कि रिया ने उनके बेटे के खाते से 15 करोड़ रुपए निकाले। इस शिकायत के आधार पर ईडी मामले में मनीलॉन्ड्रिंग की जांच कर रहा है। इस केस में ईडी अब तक रिया चक्रवर्ती, उनके भाई, पिता, सुशांत सिंह के बिजनेस मैनेजर, अकाउंटेट्स से पूछताछ कर चुका है। ईडी की कोशिश यह जानने की है कि पिछले कुछ महीनों में अभिनेता के बैंक खाते से किसने और क्यों पैसे निकाले। ईडी ने सोमवार को सुशांत के पिता कृष्ण कुमार सिंह से दिल्ली में चार घंटे की पूछताछ की। 

पूर्व अकाउंटेंट ने किए सनसनीखेज दावे
सुशांत सिंह के करीबी सहयोगी एवं उनके पूर्व अकाउंटेंट रजत मेवाती ने मंगलवार को सनसनीखेज दावे किए हैं। टाइम्स नाउ से खास बातचीत में रजत ने दावा किया कि रिया चक्रवर्ती और श्रुति मोदी ने सुशांत सिंह के वित्तीय लेन-देन को पूरी तरह से अपने नियंत्रण में ले लिया था। उन्होंने कहा, 'पैसे का ट्रांसफर मेरे हाथ में नहीं रह गया था। मैं चीजों को बहुत पारदर्शी रखता था। मेरा सुशांत सिंह के साथ बहुत अच्छे रिश्ते थे लेकिन रिया चक्रवती और श्रुति मोदी के आने के बाद चीजें बदलने लगीं। अगस्त 2019 के बाद पैसे का लेन-देन रिया और श्रुति देखने लगे। पैसों की डीलिंग यही दोनों करते थे।' 

End of Article