Ram Mandir Map: अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए नक्शे को मिली मंजूरी, अब शुरू हो सकेगा काम

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 2, 2020, 04:58 PM IST

Ram Mandir Map: अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए अयोध्या विकास प्राधिकरण ने नक्शे को मंजूरी दे दी है। इससे यहां भव्य राम मंदिर के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।

नई दिल्ली: अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। अयोध्या विकास प्राधिकरण (ADA) ने शहर में बनने वाले प्रस्तावित भव्य मंदिर के लेआउट के नक्शे को मंजूरी दे दी है। एडीए अधिकारियों ने बुधवार को बैठक की और नक्शा पास किया। इससे शहर में भव्य राम मंदिर के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है।

श्री राम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट ने 29 अगस्त को नक्शे और अन्य दस्तावेजों को मंजूरी के लिए प्रस्तुत किया था। एडीए द्वारा नक्शे को मंजूरी के साथ राम मंदिर का निर्माण अब शुरू हो सकता है। अयोध्या विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष एमपी अग्रवाल ने बोर्ड मीटिंग के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि बैठक में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने दो तरह के नक्शे प्रस्तुत किए। पहला नक्शा लेआउट का था जो 2 लाख 74 हजार 110 वर्ग मीटर था। दूसरा श्रीराम मंदिर का नक्शा था, जिसका कुल कवर्ड एरिया 12,879 वर्ग मीटर है। दोनों नक्शों को सर्वसम्मति से पास कर दिया गया। इनका कुल शुल्क जोड़ने के बाद दोनों नक्शे ट्रस्ट को सौंप दिए जाएंगे।

ट्रस्ट को विकास शुल्क के साथ-साथ अनुरक्षण शुल्क पर्यवेक्षण व लेबर सेस भी देना होगा। ट्रस्ट को 2 करोड़ 11 लाख रुपए प्रधिकरण को देना है। इसके अलावा 15 लाख रुपए लेबर डिपार्टमेंट को देना है। ट्रस्ट की तरफ से जमा की जाने वाली यह शुल्क आयकर छूट के बाद की है। बोर्ड से मानचित्र की मंजूरी के बाद प्राधिकरण शुल्क जमा करने के लिए ट्रस्ट को पत्र जारी करेगा। ट्रस्ट उसी के बाद धनराशि जमा करेगा। धनराशि जमा होने के बाद ही प्राधिकरण नक्शा ट्रस्ट को सौंपेगा।
 

End of Article