Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में खराब मौसम को लेकर मौसम विभाग ने 12 और 13 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसके बाद चारधाम यात्रियों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। राज्य के कई पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी के बीच दो हेलीकॉप्टरों की इमरजेंसी लैंडिंग भी करानी पड़ी।
मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार को उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों, खासकर पहाड़ी इलाकों में बारिश और प्रतिकूल मौसम की आशंका को देखते हुए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है, जिसके मद्देनजर राज्य सरकार ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है। गढ़वाल के आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से आग्रह किया है कि खराब मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए 12 और 13 मई को यात्रा कार्यक्रम बनाते समय अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए और अगर संभव हो, तो मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा करना अधिक सुविधाजनक रहेगा।
यात्रा हो सुरक्षित और सुखद
गढ़वाल के आयुक्त ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुखद बनी रहे। उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार चारधाम यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है तथा सभी संबंधित विभागों को जरूरी तैयारियां और व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि श्रद्धालुओं के सहयोग और सतर्कता से चारधाम यात्रा बिना किसी बाधा के और सफलतापूर्वक पूरी होगी।
खराब मौसम के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी
उत्तराखंड में उच्च हिमालयी क्षेत्र में स्थित चारों धामों-गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ के कपाट पिछले महीने खोले गए थे और तब से अब तक करीब साढ़े 10 लाख श्रद्धालु दर्शन के लिए आ चुके हैं। देहरादून मौसम केंद्र ने 12 और 13 मई को राज्य में कुछ जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि, तेज से बहुत तेज बारिश होने और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज हवाओं के साथ आंधी आने का पूर्वानमुमान जताते हुए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है।
दो हेलीकॉप्टरों की इमरजेंसी लैंडिंग
वहीं मौसम के चलते दो हेलीकॉप्टरों की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। राहत की बात यह रही कि दोनों हेलीकॉप्टरों में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित थे। सोमवार को रुद्रप्रयाग में अचानक मौसम खराब होने से हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक एक हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ से सेरसी जा रहा था, जबकि दूसरा हेलीकॉप्टर देहरादून से फाटा की ओर उड़ान पर था। इसी दौरान गुप्तकाशी और ऊखीमठ क्षेत्र में मौसम ने अचानक करवट बदल ली। खराब विजिबिलिटी और सुरक्षा कारणों को देखते हुए दोनों हेलीकॉप्टरों को अगस्त्यमुनि खेल मैदान में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। बताया जा रहा है कि दोनों हेलीकॉप्टरों में पायलट समेत कुल 10 लोग सवार थे। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। कुछ देर बाद मौसम साफ होने पर दोनों हेलीकॉप्टरों ने सुरक्षित टेकऑफ कर लिया।
