देश

'आज मैं जज हूं, सारे मामले की सुनवाई मैं करूंगी', वाराणसी में जिला जज की कुर्सी पर बैठी महिला; फिर जो हुआ...

वाराणसी अदालत परिसर में एक महिला जिला न्यायाधीश के अदालत कक्ष में घुस कर न्यायाधीश की कुर्सी पर बैठ गई और खुद को न्यायाधीश बताते हुए निर्देश जारी करने लगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। वाराणसी सेंट्रल बार एसोसिएशन के महासचिव आशीष सिंह ने बताया कि शुक्रवार को जब यह घटना हुई तब जिला न्यायाधीश छुट्टी पर थे।

Image

वाराणसी की अदालत में जिला न्यायाधीश की कुर्सी पर महिला बैठी। AI IMAGE

वाराणसी अदालत परिसर में एक महिला जिला न्यायाधीश के अदालत कक्ष में घुस कर न्यायाधीश की कुर्सी पर बैठ गई और खुद को न्यायाधीश बताते हुए निर्देश जारी करने लगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। वाराणसी सेंट्रल बार एसोसिएशन के महासचिव आशीष सिंह ने बताया कि शुक्रवार को जब यह घटना हुई तब जिला न्यायाधीश छुट्टी पर थे। सिंह ने कहा,"महिला अदालत कक्ष के अंदर गई, जिला न्यायाधीश की कुर्सी पर बैठ गई और खुद को जिला न्यायाधीश बताते हुए वहां मौजूद लोगों को निर्देश देने लगी।"

पूछताछ के दौरान वह लगातार न्याय न मिलने की बात दोहराती रही। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश यजुवेंद्र विक्रम सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक पर नाराजगी जताई है। उन्होंने संबंधित सुरक्षा कर्मियों से स्पष्टीकरण तलब करने के साथ ही महिला के कचहरी परिसर में प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश दिए।

महिला ने क्या-क्या कहा?

कुर्सी पर बैठते ही कहने लगी आज मैं जज हूं आज सारे मामले की सुनवाई मैं करूंगी। इसके बाद फाइलें उठाकर पलटना शुरू कर दिया। जब लोगों ने उसे हटने के लिए कहा तो सबको शांत कराने के लिए आर्डर-आर्डर चिल्लाने लगी। महिला पुलिस को बुलाकर महिला को जिला जज की कुर्सी से उतारकर कचहरी चौकी पर ले जाया गया।जिला जज के कक्ष के बाहर सुरक्षा के लिए पीएसी के जवान तैनात होते हैं।

अपर जिला जज हुए नाराज

अपर जिला जज यजुवेंद्र विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई। संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगे जाने के निर्देश दिए। इसके बाद न्यायालय प्रशासन ने सभी प्रवेश द्वारों पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को निर्देश दिए हैं।

अदालत में लंबित है महिला से जुड़ा एक मामला

उन्होंने कहा कि महिला का उसी अदालत में उसका एक मामला लंबित है। वह अपने मामले के सिलसिले में अक्सर अदालत परिसर में आती रहती थी। महिला को अदालत में तैनात महिला पुलिस कर्मियों ने रोक लिया और कैंट थाने ले गई। पुलिस ने कहा कि पूछताछ के दौरान उसके व्यवहार से पता चलता है कि वह मानसिक रूप से अस्थिर है। अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे उसके परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article