देश

PM मोदी ने राष्ट्रपति ट्रंप का जताया आभार, कहा- मेक इन इंडिया प्रोडक्ट पर घटा टैरिफ, नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे साझेदारी

प्रधानमंत्री मोदी ने टैरिफ में कमी को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप का यह कदम भारत और अमेरिका के बीच व्यापार और सहयोग को बढ़ावा देने वाला है।

Image

ट्रंप ने पीएम मोदी से की बात

Photo : AP

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी से फोन पर वार्ता के बाद टैरिफ पर बड़ी राहत दी है। ट्रंप ने भारतीय सामानों पर लगाए गए 25 प्रतिशत पारस्परिक टैरिफ को कम करके 18 फीसदी कर दिया है। जिसके बाद पीएम मोदी ने पोस्ट कर राष्ट्रपति ट्रंप का धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप का यह कदम भारत और अमेरिका के बीच व्यापार और सहयोग को बढ़ावा देने वाला अहम कदम है।

'मेड इन इंडिया'उत्पादों पर टैरिफ घटकर 18%

पीएम मोदी ने भी अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर ट्रंप से वार्ता की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज अपने प्रिय मित्र राष्ट्रपति ट्रम्प से बात करके बहुत अच्छा लगा। यह जानकर बेहद खुशी हुई कि अब 'मेड इन इंडिया'उत्पादों पर टैरिफ घटकर 18% हो जाएगा। इस शानदार घोषणा के लिए भारत की 1.4 अरब लोगों की ओर से राष्ट्रपति ट्रम्प को हार्दिक धन्यवाद।

मैं ट्रंप के साथ मिलकर काम करने को तत्पर

पीएम मोदी ने आगे कहा कि जब दो बड़ी अर्थव्यवस्थाएं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र एक साथ मिलकर काम करते हैं,तो इससे हमारे लोगों को लाभ होता है और पारस्परिक लाभकारी सहयोग के अपार अवसर खुलते हैं। वैश्विक शांति,स्थिरता और समृद्धि के लिए राष्ट्रपति ट्रम्प का नेतृत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है। भारत शांति के लिए उनके प्रयासों का पूर्ण समर्थन करता है। मैं उनके साथ मिलकर काम करने और हमारी साझेदारी को अभूतपूर्व ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए तत्पर हूं।

ट्रंप ने किया था ये एलान

इससे पहले, ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर टैरिफ को लेकर लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रति मित्रता और सम्मान के कारण और उनके अनुरोध पर तत्काल प्रभाव से,हमने संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति व्यक्त की,जिसके तहत संयुक्त राज्य अमेरिका पारस्परिक शुल्क को 25% से घटाकर 18% कर देगा। वे भी संयुक्त राज्य अमेरिका के प्रति अपने शुल्क और गैर-शुल्क बाधाओं को शून्य तक कम करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।

सर्जियो गोर ने भी जताई खुशी

अमेरिकी राष्ट्रपति के ट्रुथ सोशल पर पोस्ट के बाद भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने भी अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर कहा कि जैसा कि मैंने कई बार कहा है,राष्ट्रपति ट्रंप वास्तव में प्रधानमंत्री मोदी को अपना सच्चा मित्र मानते हैं!आज शाम व्यापार समझौते की खबर से बेहद खुश हूं। अमेरिका और भारत के संबंधों में असीमित संभावनाएं हैं।

टैरिफ कम करने को लेकर ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने दिए थे संकेत

वहीं, हाल ही में अमेरिका के ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने टैरिफ को लेकर एक बड़ा इशारा किया था। उन्होंने बताया था कि ट्रंप प्रशासन जल्द ही भारत पर लगाए गए 25% के अतिरिक्त टैरिफ को हटा सकती है। स्कॉट बेसेंट ने कहा था कि भारतीय रिफाइनरियों द्वारा रूसी तेल की खरीदारी अब लगभग 'कोलैप्स'(पूरी तरह गिरना)हो गई है। ऐसे में अमेरिका का मानना है कि चूंकि अब उनका उद्देश्य पूरा हो गया है और भारत ने रूस से अपनी निर्भरता कम कर ली है,इसलिए अब इन दंडात्मक टैरिफ को जारी रखने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने संकेत दिया था कि जल्द ही इन शुल्कों को हटाने का रास्ता साफ हो जाएगा।

भारत-अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर हो रही बातचीत

बता दें कि पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति के बीच ये बात तब हुई है जब हाल ही में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बताया था कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता जल्द हो सकता है। केंद्रीय मंत्री ने कहा था कि भारत अमेरिकी अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है और उसे भरोसा है कि दोनों देशों के बीच समझौता हो जाएगा। पीयूष गोयल ने कहा था कि हम अमेरिका के साथ बहुत अच्छी बातचीत कर रहे हैं। मुझे लगता है कि अमेरिका के साथ भी उतना ही मजबूत और उतना ही अच्छा समझौता हम जल्द कर लेंगे।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article