Bar Council of India ने भोपाल में पत्नी की संदिग्ध मौत के मामले में आरोपी अधिवक्ता समर्थ सिंह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। परिषद ने अंतरिम आदेश जारी करते हुए समर्थ सिंह को तत्काल प्रभाव से वकालत की प्रैक्टिस से निलंबित कर दिया है।बार काउंसिल ने 22 मई 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि मामला भोपाल में अधिवक्ता समर्थ सिंह की पत्नी ट्विशा शर्मा की शादी के कुछ महीनों के भीतर हुई मौत से जुड़ा है।
परिषद के मुताबिक, समर्थ सिंह और अन्य लोगों के खिलाफ दहेज मृत्यु, क्रूरता और संबंधित आरोपों में एफआईआर दर्ज की गई है।परिषद ने यह भी कहा कि समर्थ सिंह जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं और फरार बताए जा रहे हैं।
बार काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन मनन कुमार मिश्रा ने आदेश में कहा कि आरोप बेहद गंभीर हैं और इनका सीधा असर कानूनी पेशे की गरिमा, अनुशासन और सार्वजनिक छवि पर पड़ता है। आदेश में कहा गया कि एक अधिवक्ता केवल निजी व्यक्ति नहीं होता, बल्कि अदालत का अधिकारी और विनियमित पेशे का सदस्य होता है।
आदेश के अनुसार, समर्थ सिंह को अगले आदेश तक किसी भी अदालत, ट्रिब्यूनल, अथॉरिटी या मंच पर पेश होने, वकालतनामा दाखिल करने या वकालत करने की अनुमति नहीं होगी।
बार काउंसिल ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई कानूनी पेशे की गरिमा और जनता के विश्वास को बनाए रखने के लिए अंतरिम उपाय के तौर पर की गई है। साथ ही कहा गया कि मामला आगे अनुशासनात्मक समिति के समक्ष रखा जाएगा, जहां कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई तय होगी।
समर्थ सिंह जबलपुर जिला कोर्ट पहुंचा
इससे पहले ट्विशा शर्मा मौत मामले में फरार चल रहा पति समर्थ सिंह शुक्रवार को चेहरा छिपाकर जबलपुर जिला कोर्ट पहुंचा, जहां से ओमती पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। इसके बाद पुलिस आरोपी समर्थ सिंह को लेकर भोपाल के लिए रवाना हो गई है। जबलपुर के एसपी संपत उपाध्याय ने खुद इसकी पुष्टि की है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, समर्थ सिंह जिला कोर्ट में मास्क लगाकर खुद को सरेंडर करने पहुंचा था।
पत्रकारों ने मास्क और टोपी लगाकर समर्थ सिंह से बार-बार सवाल किए
इस दौरान, अदालत परिसर में लोगों की भारी भीड़ दिखाई दी। सुरक्षा व्यवस्था भी काफी कड़ी कर दी गई है। कोर्ट परिसर में बड़ी संख्या में मीडियाकर्मी और वकील मौजूद थे। जब पत्रकारों ने मास्क और टोपी लगाकर समर्थ सिंह से बार-बार सवाल किए तो उसने पत्रकारों से पीछे हटने को कहा और बिना किसी सवाल का जवाब दिए आगे बढ़ गया।
