देश

आजादी के 78 सालों में भारतीय रेलवे का कायाकल्प: अब सस्ती, स्वच्छ और आधुनिक यात्रा का भरोसा

रेलवे में 2004-14 के बीच सिर्फ 9,587 बायो-टॉयलेट लगे थे, लेकिन 2014 से 2025 के बीच यह संख्या 3.33 लाख तक पहुंच गई, यानी 34 गुना वृद्धि। अब कोई भी कोच ऐसा नहीं जिसमें बायो-टॉयलेट न हो।

Image

वंदे भारत ट्रेन ( फाइल फोटो- PTI)

स्वतंत्रता के 78 वर्षों में भारतीय रेलवे ने खुद को केवल एक परिवहन साधन से एक स्मार्ट, सस्ती और सर्वसुविधायुक्त प्रणाली के रूप में स्थापित किया है। आज़ादी के शुरुआती सालों में जहां रेलवे सीमित संसाधनों और साधारण ढांचे पर निर्भर था, वहीं अब यह आधुनिक ट्रेनों, हाईटेक स्टेशनों, डिजिटल सेवाओं और पर्यावरण-हितैषी प्रयासों का प्रतीक बन चुका है।

रेलवे अब केवल यात्रा नहीं, अनुभव बन गया है

जहां पहले रेलवे की पहचान धीमी गति, गंदगी और लंबी कतारों से होती थी, वहीं अब वंदे भारत जैसी तेज़ ट्रेनें, साफ-सुथरे स्टेशन और डिजिटलीकरण ने एक नई भारतीय रेलवे की तस्वीर पेश की है। 78 साल में भारतीय रेलवे ने खुद को एक विश्वस्तरीय, सस्ता और सबको समर्पित सेवा में बदल दिया है, जो न सिर्फ़ यात्रियों को मंज़िल तक पहुँचाता है, बल्कि “नए भारत” की ओर ले जाता है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राज्यसभा मे बताया कि रेलवे हर साल 720 करोड़ से अधिक यात्रियों को किफायती दरों पर यात्रा सुविधा प्रदान कर रहा है। 45% सब्सिडी के साथ यात्रियों को सेवा मिल रही है , यानी 100 रुपये की सेवा का किराया सिर्फ 55 रुपये लिया जाता है।

तीन ट्रेनों से तीन भारत की तस्वीर:

  • वंदे भारत एक्सप्रेस: 144 सेवाओं के साथ यह ट्रेन भारत की सेमी-हाई स्पीड क्रांति की पहचान बन चुकी है। एयरलाइन जैसी सुविधाएं, KAVACH सुरक्षा, एर्गोनॉमिक सीटें, सीसीटीवी, मिनी पैंट्री और दिव्यांगजनों के लिए विशेष टॉयलेट्स जैसी सुविधाएं अब आम हो गई हैं।
  • अमृत भारत ट्रेन: ग़रीब और मध्यमवर्ग के लिए शुरू की गई यह ट्रेन पूरी तरह गैर-एसी है लेकिन डिज़ाइन में अत्याधुनिक। बेहतर सीटें, फायर सेफ्टी, CCTV, USB चार्जिंग, टॉकबैक सिस्टम और आधुनिक टॉयलेट्स इसे नई पहचान देते हैं।
  • नमो भारत रैपिड रेल: क्षेत्रीय और उपनगरीय यात्रियों के लिए शुरू की गई यह तेज़ और आरामदायक सेवा आज अहमदाबाद-भुज और जयनगर-पटना जैसे रूटों पर सफलतापूर्वक चल रही है।

अमृत भारत स्टेशन योजना से बदल रही है स्टेशनों की तस्वीर

1337 स्टेशनों को चुना गया है, जिनमें से 105 का पहला चरण पूरा हो चुका है। इस योजना में शामिल हैं:

  • स्टेशन भवनों का पुनर्निर्माण
  • प्रतीक्षालय, शौचालय, एस्केलेटर
  • दिव्यांगजन सुविधाएं
  • "वन स्टेशन, वन प्रोडक्ट" स्टॉल
  • मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी और पर्यावरणीय सुधार
  • बायो-टॉयलेट्स से ट्रैक पर स्वच्छता

2004-14 के बीच सिर्फ 9,587 बायो-टॉयलेट लगे थे, लेकिन 2014 से 2025 के बीच यह संख्या 3.33 लाख तक पहुंच गई, यानी 34 गुना वृद्धि। अब कोई भी कोच ऐसा नहीं जिसमें बायो-टॉयलेट न हो।

हर स्टेशन पर मुफ्त पीने का पानी

रेलवे ने यह सुनिश्चित किया है कि देश के हर स्टेशन पर मुफ्त और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो। स्थानीय निकायों के साथ मिलकर जल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाती है, साथ ही पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच भी होती है।

खाने में गुणवत्ता का वादा

16.5 लाख यात्रियों को रोज़ाना भोजन उपलब्ध कराया जाता है। शिकायतों की संख्या केवल 0.003% है, यानी रोज सिर्फ 46 शिकायतें। रेलवे समय-समय पर सुधारात्मक कार्रवाई करता है और दोषी विक्रेताओं पर जुर्माना लगाता है (2024-25 में ₹13.2 करोड़ का जुर्माना)।

समय पर चलने वाली ट्रेनें, बेहतर नेटवर्क

रेलवे ने ट्रैक, सिग्नल और यार्ड सिस्टम को आधुनिक बनाकर 2025-26 में औसतन 80% समयपालनता हासिल की है, जिसमें 27 मंडलों ने 90% से अधिक प्रदर्शन किया।

डिजिटलीकरण और टिकटिंग सुधार

आज रेलवे टिकटिंग से लेकर शिकायत निवारण तक, सभी सुविधाएं मोबाइल और ऑनलाइन पोर्टल्स के माध्यम से उपलब्ध हैं। बिना लाइन में लगे यात्री अब कहीं से भी यात्रा की योजना बना सकते हैं।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article