देश

Top News Today, 01 June 2023: मणिपुर हिंसा की होगी न्यायिक जांच, पहलवानों के समर्थन में महापंचायत और आईईसी 2023 का जोरदार आगाज; पढ़ें अबतक की बड़ी खबरें

  • Authored by: प्रांजुल श्रीवास्तव
  • Updated Jun 1, 2023, 01:19 PM IST

Top News Headlines Today in Hindi, Aaj ki Taza Khabar 01 June 2023: भागदौड़ भरी जिंदगी में शायद आप कई खबरों से चूक जाते हों, ऐसे में हम आपके लिए लेकर आए हैं आज दोपहर 2 बजे तक की प्रमुख खबरों का लेखा-जोखा। पढ़ें आज के प्रमुख समाचार।

Image

News@2PM

Top News@2PM: टाइम्स नेटवर्क के प्रतिष्ठित वार्षिक कार्यक्रम 'इंडिया इकोनॉमिक कॉन्क्लेव 2023' के नौवें संस्करण का गुरुवार को आगाज हो गया। राजधानी दिल्ली के ताज पैलेस होटल में दो दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम का उद्घाटन टाइम्स नेटवर्क के एमडी एवं सीईओ एमके आनंद ने किया। वहीं, जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने बुधवार देर रात एक संदिग्ध पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना सांबा सेक्टर में मंगू चक सीमा चौकी (बीओपी) के पास देर रात करीब दो बजकर 50 मिनट पर हुई। इसके अलावा एलन मस्क (Elon Musk) फिर से दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। टेस्ला इंक (Tesla) के सीईओ मस्क ने पेरिस ट्रेडिंग में अरनॉल्ट के LVMH के शेयरों में 2.6% की गिरावट के बाद बुधवार को लग्जरी टाइकून बर्नार्ड अरनॉल्ट (Bernard Arnault) को पीछे छोड़ दिया। आगे पढ़ें देश-दुनिया की बड़ी खबरें...

मणिपुर हिंसा की होगी न्यायिक जांच

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह इन दिनों हिंसाग्रस्त राज्य मणिपुर के दौरे पर हैं। बीते तीन मई से यहां चल रहे जातीय संघर्ष के कारण कई लोगों की जान जा चुकी है। अभी भी हिंसा रुकने का नाम नहीं ले रही है। ऐसे में अमित शाह हिंसाग्रस्त इलाकों का दौरा कर शांति स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं। अमित शाह ने आज इंफाल में एक प्रेसवार्ता के दौरान बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पूर्वोत्तर राज्य में हिंसा की घटनाओं की सीबीआई की विशेष टीम की जांच की निगरानी के लिए एक सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया है।

2000 के नोट पर दाखिल याचिका पर सुनवाई नहीं करेगा सुप्रीम कोर्ट

दो हजार रुपये का नोट बदलने के खिलाफ दाखिल की गई याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने सुनने से इंकार कर दिया है। कोर्ट ने कहा है कि यह ऐसा मामला नहीं है, जिसे तत्काल सुना जाना जरूरी होगी। याचिकाकर्ता अश्विनी उपाध्याय ने कहा है कि नोट बदलने वाले की पहचान पुख्ता किए बिना उसे बदलने से भ्रष्ट लोगों को फायदा हो रहा है। बता दें, इससे पहले दिल्ली हाईकोर्ट ने भी इस याचिका पर सुनवाई से इंकार कर दिया था।

पहलवानों के समर्थन में किसान महापंचायत

भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ धरना दे रहे पहलवानों के समर्थन में किसान महापंचायत बुलाई गई है। इस महापंचायत में 50 खापों के पहुंचने की संभावना है। मुजफ्फरनगर में करीब 12 साल बाद सर्वखाप पंचायत होने जा रही है। बता दें, बीते दिनों किसान नेता नरेश टिकैत ने पहलवानों को गंगा में मेडल फेंकने से रोक दिया था। उन्होंने सरकार को पांच दिन का अल्टीमेटम दिया था।

आईईसी 2023 का जोरदार आगाज

टाइम्स नेटवर्क के प्रतिष्ठित वार्षिक कार्यक्रम 'इंडिया इकोनॉमिक कॉन्क्लेव 2023' के नौवें संस्करण का गुरुवार को आगाज हो गया। राजधानी दिल्ली के ताज पैलेस होटल में दो दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम का उद्घाटन टाइम्स नेटवर्क के एमडी एवं सीईओ एमके आनंद ने किया। उद्घाटन मौके पर एमके आनंद ने कहा कि भारत आज दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था और चौथी सबसे बड़ी सैन्य शक्ति है। भारत तीसरे सुपरपावर के रूप में उभर रहा है। इस कॉन्क्लेव में तीसरे सुपरपावर के रूप में उभर रहे भारत की बात होगी। पढ़ें पूरी खबर...

2024 का चुनाव हम जीतने वाले हैं- गडकरी

टाइम्स नेटवर्क का सालाना कार्यक्रम इंडिया इकोनॉमिक कॉन्क्लेव का 9वें संस्करण का आगाज दिल्ली में हो गया है। इस बार दो दिवसीय इंडिया इकोनॉमिक कॉन्क्लेव की थीम 'इंडिया: द इमर्जिंग थर्ड सुपरपॉवर' है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने IEC 2023 का उद्घाटन किया। टाइम्स नाउ नवभारत की एडिटर इन चीफ नाविका कुमार से बात करते हुए उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री और बिजनेस बढ़ाना जरूरी है। देश में गरीब और बेरोजगारी के देखते हुए इंडस्ट्री को बढ़ाना जरूरी है। रोजगार निर्माण से ही गरीबी दूर होगी। हमारे देश की ऑटो मोबाइल इंडस्ट्री सबसे बड़ी इंडस्ट्री है। जिसमें सबसे अधिक रोजगार है। इस क्षेत्र में हम तीसरे नंबर पर है। अमेरिका, चीन के बाद तीसरे नंबर पर हैं। चौथे नंबर पर जापान है। पीएम मोदी के 5 ट्रिलियन इकॉनोमी का सपना पूरा होगा। पढ़ें पूरी खबर...

भारत सुपर पॉवर बनने को आतुर

भारत सुपर पॉवर बनने को आतुर है और उसे हासिल करने के लिए यह बेहतरीन मौका है। जिस तरह भारत की पूरी दुनिया सराहना कर रही है, ऐसा किसी देश के लिए बहुत कम होता है। भारत की महान विविधतापूर्ण जनसांख्यिकीय का विकास कर उसे संपन्न करने का यह बेहतरीन अवसर है। यह बातें टाइम्स ग्रुप के एमडी विनीत जैन ने गुरुवार को इंडिया इकोनॉमिक कॉन्क्लेव 2023 के आगाज में कही। विनीत जैन के अनुसार भारत की ग्रोथ स्टोरी की गवाही बुधवार को आए GDP के आंकड़े भी दे रहे हैं। ऐसे में भारतीय कारोबारियों के लिए यह बेहतरीन अवसर है। ऐसे में मुझे उम्मीद है कि इंडिया इकोनॉमिक कॉन्क्लेव भारत को सुपर पॉवर बनाने की राह में एक अहम कड़ी साबित होगा। पढ़ें पूरी खबर...

जम्मू-कश्मीर के सांबा में आतंकी साजिश नाकाम

जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने बुधवार देर रात एक संदिग्ध पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना सांबा सेक्टर में मंगू चक सीमा चौकी (बीओपी) के पास देर रात करीब दो बजकर 50 मिनट पर हुई। सीमा सुरक्षा बल के एक प्रवक्ता ने कहा, आज तड़के बीएसएफ के जवानों ने सांबा इलाके में पाकिस्तान की तरफ से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने वाले एक व्यक्ति की संदिग्ध गतिविधि देखी। प्रवक्ता ने बताया कि बल ने उसे रोकने की कोशिश की लेकिन वह सीमा पर ओर बढ़ता रहा, इसके बाद सैनिकों को गोलियां चलानी पड़ीं जिसमें उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि शव अग्रिम इलाके में होने के कारण बीएसएफ ने सांबा सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तलाश अभियान शुरू किया। पढ़ें पूरी खबर...

महाकाल लोक पर दिग्विजय सिंह ने खड़ा किया विवाद

श्री महाकाल लोक कॉरिडोर की 6 मुर्तियां रविवार दोपहर को आई तेज आंधी की वजह से गिरकर टूट गई थीं। ये टूटी प्रतिमाएं वहां स्थापित किए गए सप्त ऋषियों में से 6 की हैं जो करीब 11 फुट ऊंची थीं। इसके बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस ने उज्जैन शहर में 'श्री महाकाल लोक कॉरिडोर' प्रोजेक्ट में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। घटिया कार्य की हाईकोर्ट के जज से जांच कराने की मांग की। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने महाकाल लोक के निर्माण करने वाले ठेकेदार की गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने कहा कि ठेका मंजूर करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हवा के झोंके से सप्तश्रषि की सात में 6 मुर्तियां गिरी हैं। इसकी सारी जवाबदेही ठेकेदार के साथ साथ उन सारे अधिकारियों की है जिन्होंने ठेका मंजूर किया। उस ठेकेदार को भी गिरफ्तार किए जाने की अवश्यकता है। पढ़ें पूरी खबर...

प्रांजुल श्रीवास्तव
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article