Why Tomato Prices are rising: महंगाई की मार और मॉनसून के बीच टमाटर ने ऐसा लगता है कि आम लोगों से अपना मुंह मोड़ लिया है। साफ कह दिया है कि जाओ...अब मैं तुम्हारे पास नहीं आता। ये बातें भले ही हम व्यंग्य में आपसे कह रहे हों, मगर मौजूदा समय में हकीकत कुछ ऐसी ही मालूम पड़ती है। आम सब्जियों में गिने जाने वाले इस टमाटर ने फिलहाल आम से लेकर खास लोगों तक की जेब को "लाल" (बुरी तरह प्रभावित करने के संदर्भ में) कर दिया है। ऐसा इसलिए क्योंकि इसके दाम आसमान छू रहे हैं। यही वजह है कि कहीं लोग इन्हें कुछ समय के लिए अपनी थाली से साइडलाइन कर चुके हैं, जबकि कुछ जगह बड़े और नामी-गिरामी फूड आउटलेट्स ने इसका इस्तेमाल बंद कर दिया है। वहीं, इसकी वैल्यू को ध्यान में रखते हुए कुछ जगह टमाटर की चोरी भी हुई है।
Mcdonald's ने आइटम्स में टमाटर का यूज रोका
अमेरिकी फास्टफूड चेन मैकडॉनल्ड्स ने देश के उत्तरी और पूर्वी क्षेत्रों के अपने अधिकतर रेस्त्रां में खाने के आइटम्स में से टमाटर का इस्तेमाल शुक्रवार को बंद कर दिया। वैसे, कंपनी ने कहा कि अच्छी गुणवत्ता के टमाटर उपलब्ध न होने के कारण वह सामान में इसका यूज नहीं कर रही। कंपनी (मैकडॉनल्ड्स इंडिया - नॉर्थ एंड ईस्ट) की ओर से जारी बयान में बताया गया कि वह ‘फिलहाल टमाटरों पर रोक’ लगाने के लिए मजबूर है। हालांकि, वह टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाकर इस मुद्दे को हल करने का प्रयास में जुटी है। हम दोहराते हैं कि ऐसा कीमतों में उछाल के कारण नहीं हुआ है। खेत से 2.7 लाख रुपए के टमाटर हुए पार
दाम बढ़ने के बाद टमाटर इतना मूल्यवान हो गया कि इसकी बड़े स्तर पर चोरी भी होने लगी। दक्षिण भारतीय सूबे कर्नाटक के बेलूर जिले में एक खेत से चोरों ने 2.7 लाख रुपए के टमाटर चुरा लिए। ऐसी ही एक मिलती-जुलती घटना तेलंगाना मे हुई, जहां महबूबाबाद जिले में एक दुकान से लगभग 20 किलोग्राम टमाटरों की कथित चोरी होने की घटना सामने आई है।
